चौथी बार दुल्हा बनकर शिक्षिका से लूट लिये 32 लाख, वेबसाइट पर हुई मुलाकात, बिजनेसमैन निकला नंबर वन ठग

दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र में एक शिक्षिका से शादी कर लाखों की ठगी करने वाले आरोपी बीरेन्द्र सोलंकी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गुजरात के कच्छ निवासी यह व्यक्ति पहले ही तीन शादियां कर चुका था। उसने खुद को बिजनेसमैन बताकर पीड़िता को भरोसे में लिया और विभिन्न तरीकों से कुल 32 लाख रुपए ले लिए।

वेबसाइट से पहचान और फर्जी बिजनेस कहानी

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2019 में कोरोना काल के दौरान उसकी आरोपी से मुलाकात एक विवाह वेबसाइट पर हुई थी। बातचीत बढ़ने पर उसने अपने को बड़ा व्यापारिक कारोबारी बताया। शिक्षिका उस पर विश्वास कर गुजरात मिलने भी गई। आरोपी ने शादी की इच्छा जताई, लेकिन महामारी का हवाला देकर पहले साथ रहने की बात कही। बाद में वह दुर्ग आया और दोनों ने विवाह कर लिया, हालांकि वह कभी भी पीड़िता को अपने घर नहीं ले गया।

तीन शादियों का खुलासा और शिकायत

कुछ समय बाद शिक्षिका को शक हुआ और उसने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले से तीन बार शादी कर चुका है और झूठे विज्ञापनों के जरिये महिलाओं को फंसाता था। उसके खिलाफ मोहन नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिलाओं को अपने जाल में फंसाने के लिए अक्सर अपनी पहचान और पृष्ठभूमि बदलता था।

किस्तों में ली गई बड़ी रकम

शिकायत के अनुसार आरोपी ने फरवरी 2022 में जरूरी खर्च बताकर 2 लाख रुपए लिए। जनवरी 2024 में व्यापार में नुकसान का हवाला देकर 6 लाख रुपए कैश ले गया। इसके अलावा 2021 से 2024 के बीच कई बार ऑनलाइन ट्रांसफर से करीब 18 लाख रुपए लिए। साथ ही गहने गिरवी रखकर 1.30 लाख का गोल्ड लोन करवाया, जिसकी किस्तें अब भी पीड़िता भर रही है। कुल रकम 32 लाख के आसपास पहुंच गई।

पुलिस ने लोकेशन ट्रैक कर किया गिरफ्तार

मामला दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा। पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। गुरुवार को उसे पकड़ लिया गया और अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अब उसके पिछले मामलों और ठगी के नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

Also Read: Bilaspur Train Accident: बिलासपुर ट्रेन हादसे पर CRS की प्रारंभिक रिपोर्ट में बड़ा खुलासा, रेलवे सिस्टम और अफसरों पर उठे गंभीर सवाल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button