
रायपुर। CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून ने अब रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दी है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 48 घंटे छत्तीसगढ़ के लिए बेहद अहम हैं—कुछ इलाकों में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
कई जिलों में बीते 24 घंटे में झमाझम बारिश
Today Weather News: बीते 24 घंटों की बात करें तो जांजगीर-चांपा और बलौदाबाजार जिलों के कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई है। वहीं अन्य जिलों में भी अच्छी खासी बारिश दर्ज की गई है। कहीं रिमझिम तो कहीं मूसलधार, आसमान से बरसती ये बूंदें अब राहत के साथ चिंता भी बढ़ा रही हैं।
सिनॉप्टिक सिस्टम क्या कहता है?
CG Weather Update: दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश और उससे सटे पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानों पर ऊपरी हवा का एक चक्रवाती घेरा बना हुआ है, जो करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। यह सिस्टम धीरे-धीरे बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्सों में कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से छत्तीसगढ़ समेत झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों में भारी बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं।
द्रोणिका रेखा से बदलेगा मौसम का मिजाज
एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका रेखा, जो दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश से झारखंड होते हुए उत्तरी छत्तीसगढ़ और फिर उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश तक फैली है, वह भी मौसम में अहम भूमिका निभा रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर आज हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है।
राजधानी रायपुर का हाल
Today Raipur Weather News: रायपुर में आज यानी 29 जून को आसमान पूरी तरह से बादलों से ढंका रह सकता है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
सावधान रहें, सुरक्षित रहें
राज्य में कुछ स्थानों पर वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में खेतों, पेड़ों या खुले मैदानों में जाने से बचें। मोबाइल फोन का उपयोग बारिश के दौरान न करें और सुरक्षित स्थानों में रहें।



