
Daughter Birth Celebration in Dhamtari: का एक बेहद प्यारा और प्रेरणादायक मामला छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से सामने आया है। यहां एक पिता ने अपनी बेटी के जन्म की खुशी को इतने खास तरीके से मनाया कि पूरे शहर में इसकी चर्चा हो रही है। धमतरी के बठेना वार्ड निवासी ननकू महाराज के घर हाल ही में बेटी ने जन्म लिया है। इस खुशी के मौके पर उन्होंने अपनी दुकान पर आने वाले ग्राहकों के लिए एक विशेष उपहार की घोषणा की है, जो समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक नजरिया पेश करता है।
एक सप्ताह तक मुफ्त कार वॉशिंग की सेवा
Dhamtari News: सोरिद डिपोपारा में ‘महालक्ष्मी गैरेज एवं कार वॉशिंग’ के संचालक ननकू महाराज ने अपनी बिटिया के स्वागत में एक अनोखा फैसला लिया है। उन्होंने घोषणा की है कि वे अपनी दुकान पर आने वाली कारों की एक सप्ताह तक मुफ्त में वॉशिंग करेंगे। इसके लिए उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों पर पोस्टर भी लगवाए हैं। इन पोस्टरों की खास बात यह है कि उन पर नन्ही बच्ची के पैरों के निशान (पगचिन्ह) भी छपवाए गए हैं, जो घर में आए सौभाग्य का प्रतीक हैं।

हनुमान जन्मोत्सव पर लक्ष्मी का आगमन
ननकू महाराज ने बताया कि उनकी बेटी का जन्म 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के शुभ दिन हुआ है। वे इसे महज संयोग नहीं, बल्कि साक्षात माता लक्ष्मी का आशीर्वाद मानते हैं। उन्होंने अपनी दुकान में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और पोस्टर का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद लोगों को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी बांटी। ननकू के परिवार में माता-पिता और दो भाई हैं, लेकिन उनकी कोई अपनी बहन नहीं थी। ऐसे में बेटी का आना पूरे परिवार के लिए किसी उत्सव से कम नहीं है।
समाज के लिए मिसाल बनी यह पहल
आमतौर पर समाज के कुछ हिस्सों में आज भी बेटे की चाहत ज्यादा देखी जाती है, लेकिन ननकू महाराज की इस पहल ने एक नई मिसाल पेश की है। उनके गैरेज पर पहुंचे ग्राहकों ने भी इस फैसले का दिल खोलकर स्वागत किया है। कुंदनसिंह नामक एक ग्राहक ने बताया कि ननकू महाराज की यह सोच काबिले तारीफ है। अपनी खुशी को व्यापारिक लाभ से ऊपर रखकर ग्राहकों के साथ बांटना यह दर्शाता है कि बेटियां सच में सौभाग्य लेकर आती हैं।

परिवार में खुशियों का दोहरा जश्न
दिलचस्प बात यह है कि ननकू महाराज के परिवार में खुशियों का यह सिलसिला पिछले महीने से शुरू हुआ था। मार्च में उनके बड़े भाई के घर भी बेटी ने जन्म लिया था। ननकू का मानना है कि बेटियां घर की रौनक होती हैं और उनके आने से परिवार में बरकत आती है। उनका यह प्रयास उन लोगों के लिए एक कड़ा संदेश है जो बेटियों को बोझ समझते हैं। फिलहाल धमतरी में ननकू महाराज का गैरेज चर्चा का केंद्र बना हुआ है और लोग उनकी इस दरियादिली की खूब सराहना कर रहे हैं।



