
रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार वन परिक्षेत्र अंतर्गत केराखोल गाँव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहाँ बिजली के करंट की चपेट में आने से एक 7 वर्षीय जंगली हाथी की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हाथी अपने झुंड से भटककर गाँव के पास स्थित खेतों की ओर आ गया था।
जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाया गया था करंट
ग्रामीणों और वन विभाग की जाँच में खुलासा हुआ है कि खेत से लगी राजस्व भूमि में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जंगली सूअर को मारने के लिए बिजली का करंट प्रवाहित तार बिछाया गया था, जिसकी चपेट में आने से हाथी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तमनार वन विभाग की टीम और घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुँचे और जाँच शुरू कर दी।

डॉग स्क्वॉड की मदद से तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया। डॉग स्क्वॉड की निशानदेही पर वन विभाग ने गाँव के तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया।
- गिरफ्तारी: मामले में कार्रवाई करते हुए बसंत राठिया, वीरसिंह माझी और रामनाथ राठिया को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से एक आरोपी भाजपा के पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पति बताए जा रहे हैं।
- FIR: इन सभी आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने मौके से करंट के लिए बिछाए गए तार को भी जब्त किया है। सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
Also Read: भजिया खाते समय युवक की मौत, गांव में हादसे से फैला मातम



