
Korba Thana Viral Reel: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सोशल मीडिया पर रील बनाने का एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला को पुलिस थाने के मुख्य परिसर के सामने फिल्मी गाने पर रील बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड करना महंगा पड़ गया। वीडियो के सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने के बाद कोरबा पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया और महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की। पुलिसिया दबाव और एफआईआर दर्ज होने के तुरंत बाद महिला ने एक नया वीडियो जारी कर अपने किए पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।
कोतवाली थाना परिसर का है पूरा मामला
Korba News Update: यह घटना कोरबा के कोतवाली थाना परिसर की है। मिली जानकारी के अनुसार रील बनाने वाली महिला की पहचान सीतामढ़ी निवासी उषा मिश्रा के रूप में हुई है। उषा ने 11 सितंबर की शाम को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो साझा किया था। इस वीडियो में महिला कोतवाली थाने के सामने भोजपुरी गाने ‘आज जेल होई, कल बेल होई’ पर अभिनय और डांस करती दिखाई दे रही थी। थाने जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह का वीडियो बनाने को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे थे।
देखें वीडियो-
पुलिस ने बीएनएसएस की धाराओं में दर्ज किया मामला
Korba Police Action On Reels: मामला वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आते ही पुलिस हरकत में आई। कोरबा के नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस थाने की गरिमा और सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने पर महिला के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और 135(3) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने भी मामले में अपराध दर्ज होने और जांच की पुष्टि की है।
कार्रवाई के बाद महिला ने वीडियो जारी कर मांगी माफी
CG Police Warning: पुलिस द्वारा मामला दर्ज किए जाने के बाद महिला का एक और वीडियो सामने आया है। इस नए वीडियो में महिला ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पुलिस प्रशासन और आम जनता से माफी मांगी है। महिला ने सफाई देते हुए कहा कि उसने यह रील केवल मनोरंजन के उद्देश्य से बनाई थी और उसका इरादा कानून या पुलिस व्यवस्था का अनादर करने का नहीं था। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सरकारी कार्यालयों और सुरक्षा परिसरों में इस प्रकार के कृत्य करने से बचें।



