CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें रायपुर DEO ऑफिस में भीषण आग से अहम दस्तावेज खाक, साहित्य उत्सव 2026 के लिए 15 फ्री बसें, भिलाई में अर्धनग्न महिला की लाश से दुष्कर्म की आशंका, खुले सेप्टिक टैंक में गिरकर 5 साल की बच्ची की मौत, पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने MCB कलेक्टर पर लगाए गंभीर आरोप, ऑनलाइन हाजिरी से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का वेतन कटा, बस्तर पंडुम 2026 अब 6 से 8 फरवरी तक, राजिम कुंभ 2026 की तैयारियों की समीक्षा, अफीम-ब्राउन शुगर के साथ 3 नाबालिग गिरफ्तार और MCB में 11 दिन में उखड़ी सड़क से भ्रष्टाचार उजागर  समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भीषण आग, दस्तावेज खाक

रायपुर स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में शनिवार को भीषण आग लग गई। आग कार्यालय के भंडार कक्ष में लगी, जहाँ स्कूल शिक्षा विभाग के वर्षों पुराने महत्वपूर्ण दस्तावेज और प्रशासनिक फाइलें रखी हुई थीं। लपटें इतनी भयानक थीं कि उनका धुआं एक किलोमीटर दूर से देखा जा रहा था। दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन रिकॉर्ड नष्ट होने से विभागीय कामकाज प्रभावित होने की आशंका है। जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

साहित्य उत्सव 2026: साहित्य प्रेमियों के लिए 15 निःशुल्क बसें

रायपुर साहित्य उत्सव में शामिल होने वाले नागरिकों के लिए राज्य सरकार ने निःशुल्क बस सेवा की घोषणा की है। 23, 24 और 25 जनवरी को शहर के 6 प्रमुख रूटों पर लगभग 15 बसें संचालित की जाएंगी। ये बसें पुराने रायपुर से पुरखौती मुक्तांगन (नवा रायपुर) स्थित आयोजन स्थल तक आवागमन करेंगी। बसों पर उत्सव की विशेष ब्रांडिंग की जाएगी ताकि विद्यार्थी, युवा और वरिष्ठ नागरिक आसानी से आयोजन का हिस्सा बन सकें।

अर्धनग्न अवस्था में मिली महिला की लाश, दुष्कर्म की आशंका

भिलाई के कुम्हारी थाना क्षेत्र अंतर्गत परसदा गांव में एक महिला का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी फैल गई है। 40 से 45 वर्ष की उम्र वाली इस महिला की लाश खेत में सड़ी-गली हालत में मिली, जिससे अंदेशा है कि हत्या करीब चार दिन पहले की गई है। घटनास्थल पर FSL और डॉग स्क्वाड की टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त की कोशिशें तेज कर दी हैं।

सेप्टिक टैंक के खुले गड्ढे में गिरने से 5 वर्षीय मासूम की मौत

राजधानी के मोवा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। खेलते-खेलते एक 5 वर्षीय बच्ची खुले सेप्टिक टैंक में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मकान मालिक ने एक सप्ताह पहले टैंक की सफाई कराई थी, लेकिन उसे ढकने के बजाय खुला छोड़ दिया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस घटना से स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है।

पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने की कलेक्टर की शिकायत

भरतपुर-सोनहत के पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के कलेक्टर डी. राहुल वेंकट के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कमरो ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को पत्र भेजकर कलेक्टर पर तानाशाही और गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। इस मामले में कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय के घेराव का ऐलान किया है, जिसमें सांसद ज्योत्सना महंत भी शामिल होंगी।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का वेतन कटा: ऑनलाइन हाजिरी बनी मुसीबत

छत्तीसगढ़ में पिछले तीन महीनों से स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) ड्यूटी में लगी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का वेतन काटा जा रहा है। मतदाता सत्यापन के लिए फील्ड पर रहने के कारण वे सुबह 9:30 बजे अपने केंद्र पर ऑनलाइन हाजिरी दर्ज नहीं कर पा रही हैं। धमतरी, महासमुंद और बस्तर संभाग के जिलों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का मानदेय कटने से उनमें भारी नाराजगी है। कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से ऑनलाइन उपस्थिति के नियमों में ढील देने की मांग की है।

बस्तर पंडुम-2026: अब 6 से 8 फरवरी तक होगा भव्य आयोजन

बस्तर संभाग की लोक-संस्कृति और विरासत को संजोने वाले ‘बस्तर पंडुम’ की तिथियों में आंशिक संशोधन किया गया है। अब संभाग स्तरीय मुख्य आयोजन 6 से 8 फरवरी तक जगदलपुर में होगा। इसमें बस्तर संभाग के सातों जिलों के विजेता कलाकार 12 विभिन्न विधाओं (नृत्य, संगीत, शिल्प, पारंपरिक व्यंजन आदि) में अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। वर्तमान में जनपद स्तरीय स्पर्धाएं संचालित हो रही हैं।

राजिम कुंभ (कल्प) 2026: मंत्री राजेश अग्रवाल ने की तैयारियों की समीक्षा

राजिम कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने हाई-लेवल मीटिंग की। उन्होंने अधिकारियों को पेयजल, अस्थाई शौचालय, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था 31 जनवरी तक पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। मेले में भीड़ प्रबंधन के लिए कंट्रोल रूम और सीसीटीवी कैमरों का जाल बिछाया जाएगा। गरियाबंद जिले के त्रिवेणी संगम पर होने वाले इस धार्मिक आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट और एंबुलेंस की भी तैनाती की जाएगी।

अफीम और ब्राउन शुगर के साथ 3 नाबालिग गिरफ्तार

रायपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत मादक पदार्थों की तस्करी पर बड़ी कार्रवाई की है। न्यू राजेंद्र नगर पुलिस ने अमलीडीह एक्सप्रेस-वे के पास से तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है। इनके पास से 71 ग्राम अफीम, 0.80 ग्राम ब्राउन शुगर, 3 मोबाइल और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त सामान की कुल कीमत 1.51 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब इन नाबालिगों को नशा सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना की तलाश कर रही है।

भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी सड़क: 11 दिन में ही उखड़ने लगा डामर

एमसीबी जिले के ग्राम कटकोना में बन रही नई सड़क और पुल के निर्माण में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का मामला उजागर हुआ है। सड़क निर्माण के महज 11 से 15 दिनों के भीतर ही डामर की परत उखड़ने लगी है और पुल में दरारें आ गई हैं। ग्रामीणों ने ठेकेदार और विभाग पर मिलीभगत का आरोप लगाया है। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने भी इस गुणवत्ताहीन कार्य पर नाराजगी जताते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Also Read: सर्पदंश से मौत पर सरकार देती है 4 लाख का मुआवजा: जानें कैसे करना होगा आवेदन और किन कागजों की होगी जरूरत

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button