CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें छत्तीसगढ़ में धान-बारदाना घोटाला, बिजली बिल में डबल झटका, फर्जी EWS सर्टिफिकेट से MBBS एडमिशन, हाई प्रोफाइल ड्रग कार्टेल का पर्दाफाश, बाल सुधार गृह से 4 किशोर फरार, डिप्टी कलेक्टर की जमानत अर्जी खारिज, रायपुर में फर्जी IB अधिकारी गिरफ्तार, आदिवासी महिला से गैंगरेप, शिक्षा दूतों पर नक्सली हमले, ACB ने आबकारी SI को रिश्वत लेते पकड़ा, LPG सस्ता और कवि केदार सिंह परिहार का निधन समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

धान बारदाना घोटाला: डेढ़ करोड़ की गड़बड़ी उजागर

CG Paddy Bardana Scam: महासमुंद जिले की प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति जेराभरन के डोंगरीपाली केंद्र में बड़ा घोटाला सामने आया है। जांच में 4426.78 क्विंटल धान और 10,293 नग पुराने बारदाने की कमी पाई गई है, जिसकी कुल कीमत करीब 1.40 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस मामले में समिति प्रबंधक ओमप्रकाश नायक और कंप्यूटर ऑपरेटर भारत मांझी के खिलाफ सांकरा थाने में अपराध दर्ज किया गया है। दोनों की गिरफ्तारी जल्द की जा सकती है।

बिजली उपभोक्ताओं को लगेगा डबल झटका

Electricity Bill: सितंबर से प्रदेश के 65 लाख उपभोक्ताओं को ज्यादा बिजली बिल चुकाना होगा। सरकार ने ‘हाफ बिजली बिल योजना’ की सीमा 400 यूनिट से घटाकर 100 यूनिट कर दी है। इसके साथ ही जुलाई की खपत पर FPPA सरचार्ज भी जोड़ा जाएगा। यानी 400 यूनिट बिजली खर्च करने पर उपभोक्ताओं को करीब 1000 रुपए अधिक देना पड़ेगा।

NEET-UG: फर्जी EWS सर्टिफिकेट से MBBS एडमिशन

Fake EWS Certificate Case: बिलासपुर में BJP नेता की भतीजी समेत तीन छात्राओं पर फर्जी EWS प्रमाणपत्र बनवाकर मेडिकल सीट लेने का आरोप लगा है। तहसील कार्यालय की जांच में तीनों छात्राओं के नाम पर कोई प्रमाणपत्र जारी नहीं हुआ था। मामला सामने आने के बाद जांच शुरू कर दी गई है।

रायपुर की युवती ड्रग्स सप्लाई करने मामले में मुंबई से गिरफ्तार

High Profile Drugs Case: नाइट पार्टी में ड्रग्स सप्लाई करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस ने रायपुर निवासी और पेशे से इंटीरियर डिजाइनर नव्या मलिक को मुंबई से पकड़ा है। इससे पहले देवेंद्र नगर में तीन युवकों को MDMA ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया था।

बाल सुधार गृह से 4 किशोर फरार

कोहड़िया स्थित नए बाल सुधार गृह से चार किशोर फरार हो गए। दो महीने पहले ही इसे बालको से यहां शिफ्ट किया गया था। इससे पहले भी रिस्दी और बालको स्थित गृह से कई बार किशोर फरार हो चुके हैं। विभाग की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

रायपुर में फर्जी IB अधिकारी गिरफ्तार

Fake IB Officer: आमानाका पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक युवक को पकड़ा जो खुद को IB अधिकारी बता रहा था। आरोपी ने नकली आईडी कार्ड दिखाकर बचने की कोशिश की, लेकिन जांच में सच्चाई सामने आ गई। आरोपी का नाम विशाल कुमार है, जो भोपाल का रहने वाला है।

रायगढ़ में तलवार की नोक पर आदिवासी महिला के साथ गैंगरेप

कापू थाना क्षेत्र में दो युवकों ने तलवार की नोक पर आदिवासी महिला को अगवा कर सात दिनों तक बंधक बनाए रखा और कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता के घर लौटने के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

बस्तर में नक्सलियों के निशाने पर शिक्षा दूत

सुकमा पुलिस ने मीम जारी कर बताया कि नक्सली शिक्षा दूतों को इसलिए निशाना बना रहे हैं ताकि आदिवासी बच्चों की पढ़ाई रुक जाए। पिछले कुछ वर्षों में बस्तर संभाग में 9 से अधिक शिक्षा दूतों की हत्या हो चुकी है। पुलिस का कहना है कि शिक्षा ही नक्सलवाद को खत्म कर सकती है।

आज से कमर्शियल सिलेंडर 51 रुपए सस्ता

LPG Price: आज से 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 51.50 रुपए सस्ता हो गया है। हालांकि घरेलू सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ। इससे होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को राहत मिलेगी।

छत्तीसगढ़ के कवि केदार सिंह परिहार का निधन

छत्तीसगढ़ी लोक कवि केदार सिंह परिहार का निधन हो गया। उनकी मशहूर पंक्तियां “छत्तीसगढ़ ल छांव करे बर मंय छानही बन जातेंव” लोगों की जुबान पर आज भी गूंजती हैं। उनका अंतिम संस्कार केसतरा गांव में किया जाएगा।

Also Read: Mahtari Vandan Yojana: महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं के लिए आज आखिरी मौका, ऐसे करें आवेदन

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button