
रायपुर से सटे बिलासपुर जिले के तखतपुर में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दौरान कथावाचक पंडित आशुतोष चैतन्य के विवादित बयान से बवाल खड़ा हो गया है। व्यासपीठ पर बैठे कथावाचक पर आरोप है कि उन्होंने सतनामी समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। कथित तौर पर उन्होंने सतनामी समाज के लोगों को ‘मूर्ख’ बताया और कहा कि, “सतनामी गाय काटते हैं।” इस बयान के सामने आने के बाद सतनामी समाज में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा समाज, थाने के सामने लेटकर प्रदर्शन
कथावाचक के विवादित बयान के विरोध में सतनामी समाज ने तखतपुर में सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। समाज के सैकड़ों लोगों ने बुधवार को तखतपुर थाने का घेराव किया और कथावाचक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। अपनी नाराजगी और विरोध दर्ज करने के लिए समाज के लोग थाने के सामने लेटकर भी प्रदर्शन कर रहे हैं। समाज का कहना है कि तथ्यहीन टिप्पणी से उनका अपमान हुआ है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
आशुतोष चैतन्य ने वीडियो जारी कर मांगी सार्वजनिक माफी
सतनामी समाज के बढ़ते आक्रोश और तनाव को देखते हुए कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज ने एक वीडियो जारी कर समाज से सार्वजनिक माफी मांगी है। उन्होंने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि उनके शब्दों से यदि किसी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वह उसके लिए क्षमा चाहते हैं और उनका उद्देश्य किसी को ठेस पहुँचाना नहीं था।
माफी अपर्याप्त, FIR दर्ज; गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी
सतनामी समाज ने कथावाचक की इस माफी को पर्याप्त नहीं माना है। समाज का कहना है कि केवल माफी मांगने से बात खत्म नहीं होगी, और जब तक कथावाचक की गिरफ्तारी नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। समाज की लिखित शिकायत पर पुलिस ने तखतपुर थाने में अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विवादित वीडियो की सत्यता जानने के लिए उसे फोरेंसिक जांच हेतु भेजा गया है।
पुलिस ने विधिक राय मांगी, प्रशासन ने की शांति की अपील
इस मामले पर एडिशनल एसपी ग्रामीण अर्चना झा ने बताया कि पुलिस वैधानिक कार्रवाई कर रही है और तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई है। साक्ष्य संकलन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले में जिला अभियोजन अधिकारी से विधिक राय मांगी है। प्रशासन ने क्षेत्र के लोगों से शांति और आपसी सौहार्द्र बनाए रखने की अपील की है, और कहा है कि कानून अपना काम करेगा और सभी के साथ न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
Also Read: माननीय राज्यपाल छत्तीसगढ़ की अध्यक्षता में कलिंगा विश्वविद्यालय में पंचम दीक्षांत समारोह 2025 का भव्य आयोजन



