
सरगुजा CG BJP Training Mainpat: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के मैनपाट में आयोजित भाजपा सांसद-विधायक प्रशिक्षण वर्ग का आज तीसरा और अंतिम दिन है। सुबह का सत्र योग और प्राणायाम के साथ शुरू हुआ। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं कुरुद विधायक अजय चंद्राकर ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के राष्ट्रहित में किए गए संघर्षों और उनके विचारों पर संबोधन दिया।

BJP MLA Ajay Chandrakar: अजय चंद्राकर ने कहा कि आज जब देश लोकतंत्र के नए युग की ओर अग्रसर है, तब यह आवश्यक हो गया है कि राजनीति राष्ट्र सेवा का प्रतिबिंब बने। इसी चिंतन को अपने जीवन में उतारने वाले महान राष्ट्रचिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय राजनीति को एक नई वैचारिक दिशा प्रदान की। उन्होंने राष्ट्र प्रेम, सांस्कृतिक चेतना और सुशासन के लिए “पंच निष्ठा” का सिद्धांत दिया जो आज भी प्रत्येक जनप्रतिनिधि और राजनीतिक संगठन के लिए एक प्रकाश स्तंभ के रूप में खड़ा है।

Sarguja News: श्री चंद्राकर ने कहा जो स्थान शरीर में प्राण का होता है, वही स्थान राष्ट्र में ‘विराट’ का है। उपाध्याय जी ने इस विराट की चेतना के लिए अपने सम्पूर्ण जीवन को समर्पित कर दिया। आज आवश्यकता है कि हम सभी, इस महान संगठन के माध्यम से, राष्ट्र के विराट के लिए अपने जीवन को समर्पित करें।

BJP Training Camp: तीन दिवसीय शिविर का आयोजन 7 जुलाई से हो रहा है, जिसका उद्घाटन भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया था। समापन सत्र में राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष जनप्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कैबिनेट मंत्री, विधायक और सांसद भी शामिल हो रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का समापन सत्र में शामिल होना प्रस्तावित था, लेकिन खराब मौसम और संभावित देरी के कारण उनका दौरा अंतिम समय पर रद्द कर दिया गया।



