
जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में हिम्मत, लगन और सच्चे इरादों की एक प्रेरणादायक कहानी सामने आई है। यहाँ एक किसान परिवार ने अपनी रोज़मर्रा की बचत को सिक्कों के रूप में जमा करके अपनी बेटी के लिए स्कूटी खरीदने का सपना साकार किया। किसान अपनी पत्नी और बेटी के साथ ₹40,000 के सिक्कों से भरा बोरा लेकर शोरूम पहुँचे, जहाँ उनकी सादगी ने सभी का दिल जीत लिया।

बेटी के लिए सपना देखा, छह महीने तक जोड़े सिक्के
जशपुर जिले के केसरा गाँव के निवासी किसान बजरंग राम भगत अपनी बेटी चम्पा भगत को होंडा एक्टिवा दिलाना चाहते थे। सीमित आय होने के बावजूद, उन्होंने ठान लिया कि बेटी की खुशी को पूरा करने के लिए कोई कमी नहीं छोड़ेंगे। बजरंग राम ने पिछले छह महीनों तक तिनका-तिनका जोड़कर अपनी रोज़मर्रा की बचत से लगभग ₹40,000 के सिक्के जमा किए।
बोरे में सिक्के लेकर पहुंचे शोरूम
जब किसान बजरंग राम भगत अपनी पत्नी और बेटी के साथ उन सिक्कों से भरे बोरे लेकर होंडा शोरूम पहुँचे, तो उनकी सादगी और उत्साह ने वहाँ मौजूद सभी लोगों को प्रभावित किया। सिक्कों से भरा बोरा देखकर शुरू में सभी हैरान हुए।

शोरूम डायरेक्टर ने दिया पूरा सम्मान
जब इस बात की जानकारी शोरूम के डायरेक्टर आनंद गुप्ता को हुई, तो उन्होंने तुरंत किसान परिवार का आदरपूर्वक स्वागत किया। उन्होंने किसान की मेहनत का सम्मान करते हुए, पूरे स्टाफ को सिक्कों की गिनती में लगा दिया। पूरी टीम ने बिना किसी शिकायत के उत्साह के साथ गिनती का काम पूरा किया।

बेटी के चेहरे पर झलका खुशी और गर्व
सभी सिक्कों की गिनती पूरी होने के बाद, बजरंग राम भगत को उनकी नई होंडा एक्टिवा की चाबियाँ सौंपी गईं। इस क्षण बेटी चम्पा भगत के चेहरे पर खुशी और गर्व का भाव छलक उठा। यह क्षण पूरे परिवार के लिए अविस्मरणीय बन गया।
देखिये वीडियो-
उपहार में मिला मिक्सर ग्राइंडर
बेटी के सपने को साकार करने के साथ ही, किसान परिवार को शोरूम में चल रहे “Scratch & Win” ऑफर के तहत मिक्सर ग्राइंडर भी उपहार स्वरूप भेंट किया गया, जिससे उनकी खुशी दोगुनी हो गई। शोरूम के संचालक आनंद गुप्ता ने कहा कि यह होंडा परिवार के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि उन्हें एक किसान परिवार के सपने को साकार करने में योगदान देने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि यह घटना सच्ची मेहनत और ईमानदार कोशिश के आगे कोई बाधा बड़ी नहीं होती, इसका प्रमाण है।



