
रायपुर: CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है। कहीं हल्की फुहारें तो कहीं जोरदार बारिश हो रही है। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के ज़्यादातर जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। खासकर बस्तर और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में जमकर पानी बरसा है। राजधानी रायपुर में दिनभर घने बादल छाए रहे, हालांकि बारिश रुक-रुक कर हल्की फुहारों के रूप में होती रही।
अगले 12 घंटे में कमजोर हो सकता है सिस्टम
Weather News: मौसम विभाग की मानें तो जो कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, वो अगले 12 घंटों में धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है। इसके बावजूद 30 जुलाई तक कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना बनी हुई है। यानी बारिश से फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं की जा सकती।
राजधानी रायपुर का हाल
Raipur Weather: रायपुर में आज का मौसम भी कुछ ऐसा ही रहने वाला है। आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश हो सकती है। दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री के आस-पास रहने का अनुमान है। हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में यलो अलर्ट
Yellow Alert: मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। अलर्ट वाले जिलों में महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, जशपुर, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं। यहां तेज़ हवाएं (30-40 किमी/घंटा), मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और बारिश की आशंका जताई गई है।
कहां-कहां हुई जोरदार बारिश?
CG Meteorological Department: मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सबसे ज्यादा बारिश भानुप्रतापपुर में 10 सेमी दर्ज की गई है। बड़े बचेली में 9 सेमी, औंधी में 7 सेमी, खड़गांव, दुर्गकोंदल, कोटा और दौरा कोचली में 6 सेमी, जबकि मानपुर, सूरजपुर, लालबहादुर नगर, प्रतापपुर समेत कई अन्य इलाकों में 5 सेमी तक बारिश हुई है।
इसके अलावा रामानुजनगर, मोहला, सरसींवा, डोंगरगढ़, पिथौरा, बीजापुर, कांसाबेल जैसे इलाकों में 3 से 4 सेमी तक वर्षा दर्ज की गई है।

सिस्टम की मौजूदा स्थिति क्या है?
IMD Alert: उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों पर बना कम दबाव का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है, हालांकि यह अब धीरे-धीरे कमजोर होने की ओर बढ़ रहा है। इससे जुड़ा चक्रवाती सिस्टम समुद्र तल से 7.6 किमी ऊंचाई तक फैला हुआ है और दक्षिण-पश्चिम दिशा में झुका हुआ है।
इसके अलावा एक द्रोणिका (ट्रफ लाइन) भी उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल होते हुए बांग्लादेश तक बनी हुई है। वहीं मानसून ट्रफ लाइन अब बीकानेर, कोटा, मध्य प्रदेश, डाल्टनगंज, दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।
अभी छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह से सक्रिय है। बारिश फिलहाल रुकने के मूड में नहीं है, और मौसम विभाग की मानें तो कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, वहां के लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।



