Bilaspur Train Accident : मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हुई, 20 गंभीर घायल; मालगाड़ी मैनेजर ने कूदकर बचाई जान, GGU छात्रा की भी मौत

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार को हुई भीषण रेल दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। लालखदान स्टेशन के पास हुई मेमू ट्रेन और मालगाड़ी की सीधी टक्कर में 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज बिलासपुर के विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। इस दुखद हादसे में गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU) के बीएससी फाइनल ईयर की छात्रा प्रिया चंद्रा की भी मौत हो गई है, जो सक्ती जिले के बहेराडीह की रहने वाली थी। मेमू लोकल के लोको पायलट विद्या सागर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सहायक लोको पायलट रश्मि राज गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मालगाड़ी मैनेजर ने कूदकर बचाई जान

इस हादसे में एक हैरान कर देने वाला वाकया भी सामने आया, जहाँ मालगाड़ी के ट्रेन मैनेजर शैलेश चंद्रा ने अपनी जान बचा ली। बताया जा रहा है कि मौत बनकर तेज गति से आ रही मेमू लोकल को देखते ही शैलेश चंद्रा ने तुरंत गाड़ी से कूदकर खुद को सुरक्षित कर लिया। अगर वह ऐसा नहीं करते तो उनकी भी जान जा सकती थी।

10 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, रेल यातायात बहाल

हादसे के तुरंत बाद रेलवे और स्थानीय प्रशासन की टीम ने लगभग 10 घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया, जो बुधवार तड़के तक जारी रहा। मंगलवार देर रात तक हैवी क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बोगी को हटा लिया गया और रात 3 बजे तक शवों को बाहर निकालने का काम चला। रेस्क्यू खत्म होने के बाद मुंबई-हावड़ा रेल लाइन पर यातायात बहाल कर दिया गया है। अप, डाउन और मिडिल लाइन तीनों को क्लियर कर दिया गया है।

प्रभावित घायल यात्रियों के नाम

इस रेल हादसे में घायल हुए 20 यात्रियों के नाम सामने आए हैं, जिनमें शामिल हैं: मथुरा भास्कर (55), चौरा भास्कर (50), शत्रुघ्न (50), गीता देबनाथ (30), मेहनिश खान (19), संजू विश्वकर्मा (35), सोनी यादव (25), संतोष हंसराज (60), रश्मि राज (34), ऋषि यादव (2), तुलाराम अग्रवाल (60), अराधना निषाद (16), मोहन शर्मा (29), अंजूला सिंह (49), शांता देवी गौतम (64), प्रीतम कुमार (18), शैलेश चंद्र (49), अशोक कुमार दीक्षित (54), नीरज देवांगन (53), और राजेंद्र मारुति बिसारे (60)।

मुआवजे का ऐलान और CRS स्तर पर जाँच

रेलवे और राज्य सरकार दोनों ने प्रभावितों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है:

  • रेलवे का मुआवजा: मृतक के परिवार को ₹10 लाख, गंभीर घायलों को ₹5 लाख, और सामान्य घायलों को ₹1 लाख देने की घोषणा की गई है।
  • मुख्यमंत्री का ऐलान: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी मृतक के परिजनों को ₹5 लाख और घायलों को ₹50 हजार की अतिरिक्त आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

इस बड़े रेल हादसे की जाँच अब रेलवे सुरक्षा आयुक्त (Commissioner of Railway Safety – CRS) स्तर पर कराई जाएगी। यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए कई हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं: बिलासपुर – 7777857335, 7869953330; चांपा – 8085956528; रायगढ़ – 9752485600; पेंड्रा रोड – 8294730162; कोरबा – 7869953330; उसलापुर – 7777857338।

Also Read: PM मोदी के दौरे पर ड्यूटी के लिए रायपुर पहुंचे आरक्षक की मौत, कांकेर में थे पदस्थ

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button