CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें धान खरीदी महाअभियान में 22.25 लाख MT से अधिक खरीदी, चिल्फी घाटी में 300 वाहन जाम, 33 लाख के इनामी नक्सल दंपति ने किया सरेंडर, अवैध कोयला कारोबार पर पुलिस का बड़ा एक्शन, 10 करोड़ के कर्ज़ में डूबा कोंडागांव जिला अस्पताल, 1.51 लाख क्विंटल अवैध धान जब्त, HIV पीड़ित गर्भवती महिला से अस्पताल में अमानवीय व्यवहार, दुष्कर्म केस में महिला अफसर सस्पेंड, 3 महीने FIR न करने पर ASI निलंबित, और प्रवासी मजदूरों की मौतों ने बढ़ाई चिंता समेत पढ़ें CG की सभी प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

“बच्चा पैदा करने का बहुत शौक है तुमको,” HIV पीड़ित गर्भवती महिला के साथ अस्पताल में भेदभाव

HIV Discrimination: जगदलपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। एचआईवी संक्रमित एक गर्भवती महिला के साथ डॉक्टरों ने न केवल भेदभाव किया, बल्कि उसके सामने ही अपमानजनक ताने मारे और उसकी गोपनीय पहचान को सरपंच और मितानिन के सामने उजागर कर दिया। एनजीओ ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने महिला से कहा, “एचआईवी होने के बाद तुम्हें बच्चे पैदा करने का इतना शौक क्यों है?” एचआईवी और एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के तहत किसी भी एचआईवी संक्रमित व्यक्ति की पहचान उजागर करना गंभीर अपराध है।

धान खरीदी महाअभियान जारी, 22.25 लाख मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी

Paddy Procurement: छत्तीसगढ़ राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महाअभियान तेजी से जारी है। 5 दिसंबर की सुबह 10 बजे तक 22 लाख 39 हजार 433 मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी हो चुकी है, जिससे 4 लाख 39 हजार 511 पंजीकृत किसानों को लाभ मिला है। धान खरीदी के एवज में किसानों को 5277 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। महासमुंद जिला सर्वाधिक 15 लाख क्विंटल धान खरीदकर पहले पायदान पर है। किसानों को ‘टोकन तुंहर एप्प’ से काफी सहूलियत मिल रही है। राज्य सरकार ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल समर्थन मूल्य और कृषि उन्नति योजना के तहत 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की घोषणा की है।

चिल्फी घाटी में भारी जाम, ट्रक खराब होने से 300 से अधिक वाहन फंसे

Chilfi Traffic Jam: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से गुजरने वाली NH 30 चिल्फी घाटी में एक ट्रक में तकनीकी खराबी आने के कारण आज दोपहर से भारी जाम की स्थिति बनी हुई है। नागमोरी मोड़ पर ट्रक के खड़े होने से उसके पीछे 300 से ज्यादा वाहन दोनों ओर फंसे हुए हैं। इससे यात्रियों और वाहनचालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चिल्फी पुलिस मौके पर मौजूद है और यातायात को सुचारु करने का प्रयास कर रही है।

नक्सल संगठन को बड़ा झटका, 33 लाख रुपये के इनामी खूंखार नक्सल दंपति ने किया सरेंडर

Naxal Surrender: छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है, जहाँ दरभा डिवीजन के शीर्ष इनामी माओवादी नेता जयलाल उर्फ़ दिरदो विज्जा (25 लाख का इनाम) और उसकी पत्नी विमला (8 लाख का इनाम) ने आत्मसमर्पण कर दिया है। जयलाल 40 वर्षों से अधिक समय से सक्रिय था और ताड़मेटला हमला (2010), झीरम घाटी हमला (2013), और मिनपा हमला (2020) जैसे कई बड़े हमलों का मास्टरमाइंड रहा है। दोनों ने माओवादी विचारधारा से मोहभंग और सुरक्षा बलों के दबाव के कारण यह कदम उठाया। उन्हें छत्तीसगढ़ शासन की पुनर्वास नीति के तहत तत्काल लाभ और सहायता प्रदान की जाएगी।

अवैध कोयला कारोबार पर पुलिस का एक्शन, 3 टन कोयला जब्त

Illegal Coal Seized: सरगुजा जिले के लखनपुर और उदयपुर इलाके में कोयला माफियाओं की सक्रियता के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। उदयपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 3 टन अवैध कोयला जब्त किया है, जिसे पोतका जमटी पारा क्षेत्र में जंगल किनारे छुपाकर रखा गया था। आशंका है कि यह कोयला ईंट भट्ठों में खपाने के लिए अवैध रूप से खनन किया गया था या कोल माइंस से चोरी हुआ था। सरगुजा रेंज के आईजी ने माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।

10 करोड़ के कर्ज में डूबा कोंडागांव जिला अस्पताल, ऑपरेशन थिएटर में बेहोशी की दवा तक नहीं

Hospital Crisis: कोंडागांव जिला अस्पताल, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त था, आज नाजुक हालात में है और अकेले 9 करोड़ रुपये के कर्ज में डूबा है। सीएमएचओ कार्यालय पर 1 करोड़ से अधिक बकाया है, जिससे कुल बकाया 10 करोड़ 17 लाख तक पहुंच गया है। भुगतान न होने के कारण सप्लायरों ने दवाएं, उपकरण, टांके लगाने का धागा और पेरासिटामोल इंजेक्शन तक उधार पर देना बंद कर दिया है। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन महीनों से बंद है और गरीब मरीजों को बाहर से दवा खरीदने भेजा जा रहा है।

अवैध धान परिवहन पर सख्त कार्रवाई, 1.51 लाख क्विंटल धान जब्त

Paddy Smuggling Crackdown: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले ही अवैध धान भण्डारण और परिवहन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। 1 नवंबर से 6 दिसंबर 2025 तक विभिन्न जिलों से कुल 1,51,809 क्विंटल धान जब्त किया गया है। मार्कफेड ने अवैध धान की रोकथाम के लिए सीमावर्ती जिलों में चेकपोस्ट और टॉस्कफोर्स बनाए हैं। महासमुंद (25,718 क्विंटल) और धमतरी (23,859 क्विंटल) सर्वाधिक धान जब्त करने वाले जिलों में शामिल हैं।

दुष्कर्म के मामले में महिला अफसर पर सबूत से छेड़छाड़ के गंभीर आरोप, SP ने किया सस्पेंड

Officer Suspended: कोरबा में दुष्कर्म के एक मामले की जांच अधिकारी महिला सब इंस्पेक्टर अनिता खेस को एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने निलंबित कर दिया है। पीड़िता ने महिला जांच अधिकारी पर साक्ष्य के साथ छेड़छाड़ करने और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 20 हजार रुपये की उगाही करने का गंभीर आरोप लगाया था। पीड़िता ने इसकी शिकायत महिला आयोग और डीजी कार्यालय में की थी, जिसके बाद एसपी ने दोषी अधिकारी को तत्काल निलंबित कर दिया।

IG सरगुजा ने दिखाई सख्ती: सामूहिक दुष्कर्म और आत्महत्या मामले में FIR न करने पर ASI निलंबित, TI लाइन अटैच

Police Negligence: बलरामपुर जिले में सामूहिक दुष्कर्म और उसके बाद महिला की आत्महत्या की घटना में तीन महीने तक FIR दर्ज न करने की गंभीर लापरवाही सामने आई है। इस पर सरगुजा रेंज के आईजी दीपक कुमार झा ने कड़ा रुख अपनाते हुए एएसआई रोशन लकड़ा को तत्काल निलंबित किया और थाना प्रभारी (TI) गजपति मिर्रे को लाइन अटैच कर दिया। साथ ही दोनों के खिलाफ विभागीय जांच का आदेश भी जारी किया गया है। आईजी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के विरुद्ध गंभीर अपराधों में पुलिस की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

छत्तीसगढ़ के 3 प्रवासी मजदूरों की दूसरे राज्यों में मौत, पलायन संकट पर गंभीर सवाल

Migrant Workers Death: काम की तलाश में छत्तीसगढ़ से दूसरे राज्यों में पलायन कर गए सरगुजा संभाग के सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर इलाके के तीन मजदूरों की पिछले कुछ महीनों के भीतर दिल्ली, बिहार और राजस्थान में मौत हो गई है। ये मजदूर राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले पंडो जनजाति से थे, जो दलालों के झांसे में आकर महानगरों में काम करने जाते हैं। फैक्ट्री में काम के दौरान सुरक्षा का ख्याल न रखने और कोई बीमा राशि न मिलने के कारण इन मजदूरों की मौत की घटनाओं ने पलायन संकट पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

Also Read: SIR सर्वे में वोटर लिस्ट से कटेंगे 33,900 से अधिक नाम कटेंगे, 11,181 मतदाता ‘मृत’ मिले

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button