
रायपुर: भारत सरकार की ओर से हर साल दिए जाने वाले पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन प्रक्रिया चल रही है। इस बार पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री के लिए आवेदन 15 अगस्त 2025 तक किए जा सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति या संस्थाएं https://awards.gov.in/ पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन नामांकन कर सकते हैं।
किसे मिलते हैं पद्म पुरस्कार?
Padma Award Online: पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं। ये सम्मान कला, साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा, विज्ञान, खेल, सामाजिक सेवा, लोक प्रशासन, उद्योग, सिविल सेवा जैसे कई क्षेत्रों में विशिष्ट योगदान देने वालों को दिया जाता है।
कब होती है घोषणा?
इन पुरस्कारों की शुरुआत 1954 में हुई थी। हर साल गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) के मौके पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा की जाती है। इसके लिए सरकार देशभर से नामांकन आमंत्रित करती है।
कैसे करें आवेदन?
पद्म पुरस्कारों के लिए आवेदन या नामांकन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। इसके लिए आवेदक को https://awards.gov.in/ वेबसाइट पर जाकर जरूरी विवरण भरने होंगे और संबंधित दस्तावेज अपलोड करने होंगे। कोई भी व्यक्ति स्वयं के लिए या किसी अन्य योग्य व्यक्ति के लिए नामांकन कर सकता है।



