
छत्तीसगढ़ में बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को लेकर सियासत में एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। बीजेपी के पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठिए कांग्रेस के लिए सिर्फ वोट बैंक हैं, और जरूरत पड़ी तो कांग्रेस सत्ता के लिए देश भी बेच सकती है। चंद्राकर का कहना है कि देश की जनसांख्यिकी का संतुलन कांग्रेस के शासनकाल में ही बिगड़ा है। कांग्रेस चाहती है कि देशभर में इन घुसपैठियों की मौजूदगी बनी रहे। असम, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों से शुरू होकर ये घुसपैठिए अब देशभर में फैल रहे हैं। प्रशासन को बताना चाहिए दस्तावेज किसके शासनकाल में किसने बनाया है।
दीपक बैज जी दौरा या भूपेश के आदेश का पालन
अजय चंद्राकर ने रायगढ़ दौरे को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “दीपक बैज रायगढ़ में यात्रा कर रहे है अध्ययन कर रहे हैं या फिर सिर्फ भूपेश बघेल के निर्देशों का पालन कर रहे हैं, यह समझना मुश्किल हो गया है।” उन्होंने चुटकी लेते हुए यह भी कहा कि कहीं ये दौरा कांग्रेस की अनंत यात्रा न बन जाए।
राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष के दौरे पर कांग्रेस को घेरा
कांग्रेस की तरफ से राज्यपाल के दौरों पर उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए अजय चंद्राकर ने कहा, “संविधान में कहीं नहीं लिखा कि राज्यपाल दौरे पर न जाएं। सरकार भूपेश बघेल से पूछकर नहीं चलती। विधानसभा अध्यक्ष भी एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि हैं। अगर भूपेश बघेल को आपत्ति थी, तो उन्हें पांच साल के कार्यकाल में ये कोड़ीफाइड कर देना था कि विधानसभा अध्यक्ष क्या कार्य कर सकते हैं और क्या नहीं। राज्यपाल के लिए भी उन्हें राष्ट्रपति को पत्र लिख देना था।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “भूपेश बघेल के लिए तो गांधी परिवार ही संवैधानिक है।”
बीजेपी विधायक दल की बैठक कल
चंद्राकर ने जानकारी दी कि राजधानी रायपुर स्थित कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक होने वाली है। बैठक में ‘संकल्प से सिद्धि’, ’11 साल बेमिसाल’ जैसे संगठनात्मक कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा विधायकों के प्रदर्शन यानी उनके रिपोर्ट कार्ड को लेकर भी मंथन होगा। उन्होंने बताया कि इस बैठक में प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन भी शामिल होंगे.



