
रायपुर – केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू बुधवार, 6 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सात प्रमुख केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के लिए नव-निर्मित कार्यालय भवनों का उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर की भी उपस्थिति रहेगी।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश के लिए चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि इन मंत्रालयों के नए भवनों में सरकार के प्रमुख विभाग संचालित होंगे। वहीं, इस कार्यक्रम में तोखन साहू की अहम भूमिका को मोदी मंत्रिमंडल में उनके बढ़ते प्रभाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
‘न्यूनतम स्थान, अधिकतम दक्षता’ पर आधारित निर्माण
इन भवनों का निर्माण आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय ने ‘न्यूनतम स्थान, अधिकतम दक्षता’ की नीति के तहत कराया है। इस पहल से न केवल सरकारी कार्य प्रणाली अधिक संगठित और सशक्त होगी, बल्कि ऊर्जा दक्षता, पर्यावरण-अनुकूलता और नागरिक सुविधाओं में भी बड़ा सुधार होगा। इस मौके पर तोखन साहू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आधुनिक भारत के निर्माण में अपने मंत्रालय की भूमिका को रेखांकित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह परियोजना ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ की दिशा में एक बड़ा कदम है, जो भविष्य में सुशासन की नींव को और मजबूत करेगी।
कार्यक्रम में विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी, विभागीय प्रतिनिधि और मीडिया के सदस्य भी मौजूद रहेंगे।
जिन मंत्रालयों को आवंटित हुए नए कार्यालय भवन:
- गृह मंत्रालय
- विदेश मंत्रालय
- पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय
- सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय (MSME)
- ग्रामीण विकास मंत्रालय
- प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार का कार्यालय
- कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग



