
रायपुर: Cyber Fraud: राजधानी रायपुर से एक हाई-टेक साइबर फ्रॉड गिरोह पकड़ा गया है, जो मैट्रिमोनियल साइट्स पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर देशभर के लोगों को शादी का झांसा देता था और उनसे लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर इस बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जिसने अब तक 50 लाख रुपये से ज्यादा की ठगी को अंजाम दिया है।
फर्जी कंपनियां बनाकर चलाते थे ठगी का नेटवर्क
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी गज सिंह सुना (32) ओडिशा का रहने वाला है। वह अपने तीन साथियों— भीखू सचदेव (गुजरात), साहिल कौशिक (बिलासपुर) और हर्षित शर्मा (रायपुर)— के साथ मिलकर यह गिरोह चला रहा था। ये सभी पहले आगरा में काम करते थे और लगभग एक साल पहले रायपुर आकर इस ठगी की स्कीम को शुरू किया।
गिरोह ने रायपुर के डंगनिया इलाके में किराए का मकान लेकर दो कमरों से ‘जीवन जोड़ी’ और ‘रॉयल रिश्ता’ नाम की फर्जी मैट्रिमोनियल कंपनियाँ खोली थीं। इसके अलावा, कटोरा तालाब इलाके में ‘ई-रिश्ता’ नाम से एक और फर्जी ऑफिस खोला गया था।
‘सोशल इंजीनियरिंग’ से फंसाते थे शिकार
गिरोह के सदस्य मैट्रिमोनियल साइट्स पर सुंदर युवक-युवतियों की तस्वीरों वाली फर्जी प्रोफाइल बनाते थे। वे चैट शुरू कर लोगों से भावनात्मक रिश्ता बनाते और शादी का झांसा देते थे। ठगी के लिए वे एक खतरनाक तकनीक का इस्तेमाल करते थे:
- आरोपी पीड़ितों को गिफ्ट भेजने के नाम पर एक संदिग्ध APK फाइल भेजते थे।
- इस फाइल को डाउनलोड करते ही पीड़ित के मोबाइल में सेंध लग जाती थी।
- इस साइबर तकनीक के जरिए वे बैंक खातों की जानकारी तक पहुँच जाते और आसानी से पैसे उड़ा लेते थे।
पुलिस ने जब्त किए 100 सिम और 60 बैंक किट
टीआई मनोज नायक के मुताबिक, पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 100 सिम कार्ड, 50 मोबाइल फोन, 10 कंप्यूटर सिस्टम और 60 बैंक अकाउंट किट जब्त किए हैं। आरोपी फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल करते थे। उन्होंने अपने रिश्तेदारों के नाम पर खाते खुलवाए और उन्हें यह कहकर भरोसे में लिया कि ज्यादा ट्रांजैक्शन पर इनकम टैक्स का झंझट होगा, इसलिए वे उनके खातों का उपयोग कर रहे हैं।
पुलिस ने एचडीएफसी और साउथ इंडियन बैंक के संदिग्ध खातों की जाँच के बाद इन चारों आरोपियों की पहचान की। पुलिस अब 495 बैंक खातों की जाँच कर रही है, जिनका उपयोग देशभर में ठगी की रकम ट्रांसफर करने के लिए किया गया था।
साइबर एक्सपर्ट की चेतावनी
साइबर क्राइम एक्सपर्ट मुकेश चौधरी ने चेतावनी दी है कि लोग आजकल सोशल इंजीनियरिंग के जरिए ठगी के जाल में आसानी से फँस जाते हैं। उन्होंने सलाह दी है कि मैट्रिमोनियल साइट्स पर किसी भी अजनबी से जुड़ते समय अपनी प्राइवेसी का ध्यान रखें, कोई व्यक्तिगत जानकारी या पैसे शेयर न करें, और अनजान लिंक या फाइल को डाउनलोड करने से बचें।



