Nari Bridge Neeraj Case: नारी पुल पर हुई Hत्या की गुत्थी सुलझी: कैंची और पाने से किया था हमला, सैकड़ों सीसीटीवी खंगालने पर पकड़ा गया कातिल, वजह जान रह जायेंगे दंग

धमतरी जिले के कुरूद थाना क्षेत्र अंतर्गत नारी महानदी पुल पर हुई नीरज साहू की संदिग्ध मौत की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि हत्या की मुख्य वजह गांव-गांव जाकर चावल खरीदने के व्यवसाय में आपसी प्रतिस्पर्धा और रंजिश थी। आरोपी मृतक के बेहतर कारोबार और अधिक कमाई से मन ही मन जलन रखता था, जिसके चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

नारी महानदी पुल पर लावारिस गाड़ी के पास मिला था शव

घटना 22 जुलाई की है, जब नारी महानदी पुल के ऊपर मुख्य मार्ग पर नीरज साहू का खून से लथपथ शव बरामद किया गया था। मृतक के माथे और गले पर गंभीर चोटों के निशान थे। घटनास्थल पर ही उसका बोलेरो पिकअप वाहन (क्रमांक CG-06-GT-7675) भी खड़ा मिला था। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर परिजनों और गवाहों के बयान दर्ज किए। किसी धारदार वस्तु से हमला किए जाने की पुष्टि होने के बाद कुरूद थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसपी भावना पांडेय के निर्देश पर गठित हुई पुलिस टीम

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी भावना पांडेय ने तुरंत कुरूद थाना, मगरलोड थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीमें बनाकर जांच के निर्देश दिए। एएसपी शैलेंद्र कुमार पांडेय, देवचरण पटेल, डीएसपी भानूप्रताप चंद्राकर और एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने कई दिनों तक घटनास्थल के आसपास के इलाकों में छानबीन की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के साथ-साथ घटना से जुड़े रास्तों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए।

तकनीकी साक्ष्यों से संदेही बिरेंद्र कुमार साहू तक पहुंची पुलिस

पुलिस ने वैज्ञानिक तरीकों, सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध गतिविधियों के सूक्ष्म विश्लेषण के आधार पर कड़ियों को जोड़ना शुरू किया। लगातार मिलान और छानबीन के बाद पुलिस टीम सांकरा (थाना मगरलोड) निवासी 21 वर्षीय बिरेंद्र कुमार साहू तक पहुंची। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और हत्या की पूरी कहानी बयान कर दी।

व्यापारिक रंजिश में कैंची और पाने से किया था जानलेवा हमला

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह और मृतक नीरज साहू दोनों गांव-गांव जाकर चावल खरीदने का काम करते थे। नीरज का कारोबार अच्छा चलता था और उसकी कमाई भी अधिक होती थी, जिससे आरोपी उससे रंजिश रखने लगा था। इसी द्वेष के चलते आरोपी ने मौका पाकर नारी महानदी पुल के पास सुनसान जगह पर नीरज को रोका और उस पर कैंची व पाने से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कैंची और पाना बरामद कर लिया है।

साहू समाज ने जताई संतुष्टि, पुलिस टीम का जताया आभार

इस मामले को लेकर जिला साहू संघ ने पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय को ज्ञापन सौंपकर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की थी। हत्या की गुत्थी सुलझाने और आरोपी के पकड़े जाने के बाद जिला साहू संघ के अध्यक्ष गणेश राम साहू, विजय कुमार साहू और राजेंद्र साहू समेत अन्य पदाधिकारियों ने धमतरी पुलिस, साइबर टीम और कुरूद-मगरलोड थाना पुलिस का आभार व्यक्त किया है।

Also Read: Raipur Flyover Accident: महिला चला रही थी कार, कई लोगों को रौंदा, फ्लाईओवर पर मची अफरा-तफरी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button