
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रविवार देर शाम सनसनीखेज गोलीकांड हुआ। कांग्रेस के जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह के निजी ऑफिस के बाहर तीन नकाबपोश हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह खुद मौके पर पहुँचे और पूरे इलाके में नाकेबंदी कर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।

जनपद उपाध्यक्ष के कार्यालय पर हमला
गोलीबारी की यह वारदात मस्तूरी क्षेत्र के नहर पार इलाके में स्थित जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह (कांग्रेस नेता) के निजी ऑफिस के सामने हुई। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 6 बजे के बाद बाइक पर सवार तीन नकाबपोश हमलावर अचानक नितेश सिंह के कार्यालय पर पहुँचे और ताबड़तोड़ 10 से 12 राउंड फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि गोली सीधे नितेश सिंह की ओर चलाई गई थी, लेकिन वह बाल-बाल बच गए।

दो लोगों को लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
इस अंधाधुंध फायरिंग में दो लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान नितेश सिंह के रिश्तेदार चंद्रकांत सिंह ठाकुर (जो बीजेपी नेता रौशन सिंह के ससुर भी हैं) और कर्मचारी राजू ठाकुर के रूप में हुई है।
- चंद्रकांत सिंह ठाकुर को हाथ में गोली लगी।
- राजू ठाकुर को कमर (Waist) और पैर में गोली लगी।
दोनों को गंभीर हालत में बिलासपुर के अपोलो अस्पताल लाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चंद्रकांत सिंह की हालत स्थिर है, जबकि राजू सिंह की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
नितेश सिंह ने लाइसेंसी बंदूक से किया जवाबी हमला
प्रत्यक्षदर्शियों और सूत्रों के अनुसार, फायरिंग के दौरान जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह भी मौके पर मौजूद थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपनी लाइसेंसी बंदूक (Licensed Gun) से जवाबी फायरिंग की, जिससे हमलावर डरकर मौके से भाग खड़े हुए। ताबड़तोड़ गोलीबारी की आवाज सुनते ही इलाके में दहशत और अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी।
एसएसपी ने जारी किया हाई अलर्ट, जाँच तेज
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी (SSP) रजनेश सिंह तुरंत मौके पर पहुँचे और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं। एसएसपी ने मस्तूरी और तोरवा क्षेत्र के सभी थानों को हाई अलर्ट पर रखते हुए नाकेबंदी के आदेश दिए हैं। हमलावरों की तलाश के लिए फॉरेंसिक टीम और साइबर यूनिट को भी जाँच में लगाया गया है। पुलिस आस-पास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
देखिये वीडियो –
चुनावी रंजिश और पुरानी दुश्मनी का एंगल
पुलिस प्रारंभिक जाँच में पुरानी रंजिश, राजनीतिक विवाद या व्यक्तिगत दुश्मनी समेत सभी संभावित एंगलों से जाँच कर रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस गोलीबारी को हाल ही में हुए जनपद चुनाव (Janpad Election) के दौरान नितेश सिंह के समर्थकों और दूसरे गुट के बीच हुए चुनावी विवाद से भी जोड़कर देखा जा रहा है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद मस्तूरी और बिलासपुर क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।



