
PM Modi Janjatiya Gaurav Divas 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मध्य प्रदेश के धार में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने आदिवासी समाज के उत्थान, छत्तीसगढ़ के बस्तर में आए सकारात्मक बदलाव और देश की सांस्कृतिक विरासत को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कहीं। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश को माओवादी आतंकवाद से बड़ी राहत मिली है और यह उपलब्धि हमारे आदिवासी भाई-बहनों के सुरक्षित भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
बस्तर की दिवाली और उम्मीद की रोशनी
PM Modi Dhar Program Speech: अपने संबोधन के दौरान छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल का विशेष रूप से जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब लोग बस्तर जाने से भी डरते थे। लेकिन आज हालात पूरी तरह बदल चुके हैंब्वव और मैंने स्वयं इस बार वहां जाकर दिवाली का त्योहार मनाया है। उन्होंने कहा कि बस्तर के गांवों में अब केवल दिवाली के दीयों की रोशनी ही नहीं है, बल्कि विकास और विश्वास के रूप में लोगों के जीवन में उम्मीद की एक नई रोशनी भी पहुंच चुकी है।
राष्ट्रीय उत्सव बन चुका है जनजातीय गौरव दिवस
Chhattisgarh Bastar Peace News: प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश का आदिवासी अंचल राष्ट्र की तरक्की और विकास यात्रा में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभा रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय गौरव दिवस मनाने की जो शुरुआत की गई थी, वह आज एक विशाल राष्ट्रीय उत्सव का रूप ले चुकी है। इस विशेष अवसर पर देशभर के कोने-कोने में दो लाख से अधिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जो आदिवासी संस्कृति के प्रति सम्मान को दर्शाता है।
देखें वीडियो-
स्वदेशी स्वाभिमान और विपक्ष पर निशाना
कार्यक्रम में बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्षी दलों की पुरानी नीतियों पर भी तीखा निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश में एक समय ऐसा भी था जब हमारे अनेक महत्वपूर्ण दिवस और उत्सव विदेशी दृष्टिकोण और मानसिकता से तय किए जाते थे। आज का नया भारत अपनी जड़ों से जुड़ रहा है और अपनी समृद्ध विरासत तथा जनजातीय नायकों को पूरे स्वदेशी स्वाभिमान के साथ गौरवपूर्वक याद कर रहा है।
सरदारपुर में 2500 करोड़ की पाइपलाइन का लोकार्पण
इस भव्य आयोजन के दौरान सरदारपुर में सरकार की ओर से 2500 करोड़ रुपये की लागत वाली पाइपलाइन परियोजना का लोकार्पण भी किया गया। प्रधानमंत्री ने अपने पिछले दौरे को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपना पिछला जन्मदिन धार के पीएम मित्र पार्क में ही मनाया था। उन्होंने भरोसा जताया कि इस पीएम मित्र पार्क की स्थापना से क्षेत्र के करीब 3 लाख किसानों और स्थानीय युवाओं को रोजगार तथा आय का सीधा लाभ मिलेगा।
सिंचाई परियोजना से किसानों को मिलेगी बड़ी राहत
क्षेत्रीय कृषि विकास पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मां नर्मदा के आशीर्वाद से इस क्षेत्र के एक बड़े हिस्से में सिंचाई की सुविधा का विस्तार होगा। करीब 1300 करोड़ रुपये की इस सिंचाई परियोजना के पूरा होने से स्थानीय किसानों की खेती की समस्याएं समाप्त होंगी और उन्हें बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी। केंद्र सरकार आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे और कृषि सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।



