छत्तीसगढ़

कैबिनेट विस्तार की तैयारी जोरों पर: गजेंद्र यादव और अमर अग्रवाल रेस में सबसे आगे, जल्द हो सकती है घोषणा

रायपुर में जुटेंगे बड़े नेता, बैठक के बाद हो सकता है ऐलान
छत्तीसगढ़ में बीजेपी सरकार के कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं एक बार फिर तेज हो गई हैं। पार्टी के संगठन मंत्री शिवप्रकाश आज यानी सोमवार रात तक रायपुर पहुंचने वाले हैं। वहीं प्रदेश प्रभारी नीतीन नबीन के भी मंगलवार, 8 अप्रैल को रायपुर पहुंचने की संभावना है। इन दोनों नेताओं की मौजूदगी में संगठन की अहम बैठक होगी। कयास लगाए जा रहे हैं कि इसी बैठक के बाद नए मंत्रियों के नामों पर मुहर लग सकती है।

हालांकि, बीजेपी की तरफ से कहा गया है कि ये दोनों नेता पार्टी के स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने रायपुर आ रहे हैं। लेकिन पार्टी सूत्रों की मानें तो संगठन और सरकार के बीच अंतिम दौर की बातचीत के बाद नए मंत्रियों के नामों की घोषणा जल्द ही की जा सकती है। संभावना जताई जा रही है कि इस महीने के भीतर नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण भी राजभवन में करवाया जाएगा।

साय कैबिनेट में अभी 11 मंत्री, दो पद खाली

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की कैबिनेट में इस वक्त कुल 11 मंत्री हैं। कैबिनेट का गठन 12 सदस्यों के साथ हुआ था, लेकिन लोकसभा चुनाव के चलते बृजमोहन अग्रवाल के इस्तीफे के बाद अब सिर्फ 11 मंत्री ही बचे हैं। जबकि राज्य में परंपरागत रूप से 13 मंत्रियों की कैबिनेट होती है। ऐसे में दो मंत्रियों के पद खाली हैं, जिन पर जल्द नियुक्ति की जाएगी।

मंत्री बनने की रेस में कौन-कौन आगे

अमर अग्रवाल:

  • बिलासपुर से आते हैं और तीन बार राज्य सरकार में मंत्री रह चुके हैं।
  • वित्तीय मामलों और नीतियों पर अच्छी पकड़ है।
  • इस वक्त साय कैबिनेट में बिलासपुर से कोई भी प्रतिनिधित्व नहीं है, ऐसे में अमर अग्रवाल का दावा मजबूत माना जा रहा है।
  • उन्हें आबकारी और राजस्व विभाग दिए जाने की चर्चा है।

गजेंद्र यादव:

  • दुर्ग से विधायक हैं और RSS से जुड़ाव रखते हैं।
  • पूर्व में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री रह चुके हैं।
  • पार्षद से लेकर विधायक बनने तक का राजनीतिक सफर उनके अनुभव को मजबूत बनाता है।

क्षेत्रीय संतुलन पर भी नजर

साय कैबिनेट में सबसे ज्यादा मंत्री सरगुजा संभाग से हैं। रायपुर, दुर्ग और बस्तर से फिलहाल सिर्फ एक-एक मंत्री हैं। ऐसे में रायपुर और बस्तर से नए चेहरों को मंत्री पद मिल सकता है। खासकर बस्तर से केदार कश्यप अकेले मंत्री हैं, इसलिए वहां से प्रतिनिधित्व बढ़ाए जाने की चर्चाएं तेज हैं।

11 मंत्री संभाल रहें विभाग

  • मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय: सामान्य प्रशासन, ऊर्जा, शिक्षा, आबकारी, परिवहन, संस्कृति आदि कई विभाग संभाल रहे हैं।
  • उप मुख्यमंत्री अरुण साव: लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, विधि विभाग।
  • उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा: गृह, जेल, पंचायत, विज्ञान एवं तकनीकी शिक्षा।
  • दयालदास बघेल: खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति।
  • समविचार नेताम: आदिवासी विकास, कृषि एवं अल्पसंख्यक विभाग।
  • केदार कश्यप: वन, जल संसाधन, सहकारिता।
  • लखनलाल देवांगन: उद्योग एवं श्रम विभाग।
  • ओपी चौधरी: वित्त, योजना एवं पर्यावरण विभाग।
  • श्याम बिहारी जायसवाल: स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा।
  • टंकराम वर्मा: खेलकूद, राजस्व।
  • लक्ष्मी राजवाड़े: महिला एवं बाल विकास।

अब इंतजार है सिर्फ अंतिम मुहर और ऐलान का

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भले मीडिया से बार-बार कह रहे हैं कि “थोड़ा इंतजार करिए”, लेकिन राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है। जैसे ही संगठन और सरकार की बैठक खत्म होगी, नए मंत्रियों के नाम सामने आ सकते हैं। ऐसे में निगाहें आज रात और कल रायपुर में होने वाली बैठकों पर टिकी हैं।

Also Read: छत्तीसगढ़ विधानसभा में अजय चंद्राकर सदन के “जसप्रीत बुमराह”, रमन सिंह ने की तारीफ!

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button