
धमतरी जिले के मुख्य मार्गों और प्रमुख चौराहों पर एडवांस एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं। ये कैमरे चौबीसों घंटे निगरानी करेंगे और बिना हेलमेट वाहन चलाने, बीमा या प्रदूषण प्रमाण पत्र की कमी, वाहन की फिटनेस और एसआरटी नंबर प्लेट से जुड़ी गड़बड़ियों को स्वतः पहचानेंगे। कैमरों द्वारा प्राप्त जानकारी के आधार पर संबंधित वाहनों के खिलाफ ऑनलाइन चालान जारी किए जाएंगे।
ऑनलाइन चालान प्रणाली से बढ़ेगी सड़कों पर अनुशासन
जिला परिवहन अधिकारी मुजाहिद खान ने कहा कि नई तकनीक से यातायात व्यवस्था और सख्त होगी और सड़क सुरक्षा बेहतर होगी। उन्होंने बताया कि यह पूरा सिस्टम इस तरह तैयार किया गया है कि नियम तोड़ने की किसी भी घटना को तुरंत दर्ज किया जा सके। इस पहल का उद्देश्य दुर्घटनाओं में कमी लाना और ट्रैफिक को व्यवस्थित करना है।
नागरिकों से जरूरी दस्तावेज अपडेट रखने की अपील
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहन से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेज समय पर अपडेट रखें। इनमें बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, फिटनेस और ड्राइविंग लाइसेंस शामिल हैं। अधिकारी ने कहा कि दस्तावेज पूरे रहने पर अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सकेगा और यातायात में सुगमता बनी रहेगी। जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा देने की अपील की है।
Also Read: लोगों को सस्ती रेत मुहैया कराने सरकार की नई योजना, तीन खदानें बढ़ाकर 200 करोड़ की कमाई



