धमतरी ट्रिपल मर्डर: एक साथ जली तीन दोस्तों की अर्थियां, हाल ही में तय हुई थी आलोक की शादी, नितिन और सुरेश के बच्चों की जुबान पर एक ही सवाल – “पापा कब आएंगे?”

धमतरी: Dhamtari Triple Murder: 11 अगस्त की रात धमतरी के सिहावा रोड पर अन्नपूर्णा ढाबा खून से लाल हो गया। रायपुर से घूमने आए तीन दोस्तों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे शहर को हिलाकर रख दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतकों की पहचान आलोक सिंह ठाकुर, नितिन टांडी और सुरेश हियाल के रूप में हुई है। सोमवार को तीनों का अंतिम संस्कार बूढ़ातालाब श्मशान घाट में एक साथ किया गया।

आलोक की शादी तय हुई थी, अब घर में कोई सहारा नहीं

Dhamtari News: रायपुर के सेजबहार में रहने वाले आलोक सिंह ठाकुर की कुछ दिन पहले ही शादी पक्की हुई थी। लेकिन इससे पहले ही उसकी जिंदगी खत्म कर दी गई। घर में पिता की मौत के बाद से जिम्मेदारी उसी पर थी। मां और बहन अब बेसहारा हो चुकी हैं। बहन ने कहा, “अगर नाराज थे तो अधमरा छोड़ देते, मैं उसे पाल लेती… अब तो कमाने वाला भी कोई नहीं बचा।”

नितिन और सुरेश की मौत से उजड़ गया पूरा परिवार

नितिन और सुरेश दोनों संतोषी नगर के रहने वाले थे और सगे भाई थे। नितिन की शादी को पांच साल हो चुके थे और उसके दो छोटे बच्चे हैं। सुरेश की दो साल की एक बेटी है। अब ये बच्चे हर दिन यही पूछ रहे हैं, “पापा कब आएंगे?”

साथ निकले थे घूमने, एक साथ लौटी लाशें

आलोक, नितिन और सूरज तांडी (पुलिस रिपोर्ट में तीसरे मृतक की यही पहचान है) तीनों पुराने दोस्त थे। काम से फुर्सत निकालकर धमतरी घूमने आए थे। आलोक ठेकेदारी करता था, जबकि नितिन और सूरज ड्राइवर थे। लेकिन ये ट्रिप उनके लिए आखिरी साबित हुई।

शराब के नशे में कर दी तीनों की हत्या

पुलिस की जांच में सामने आया है कि अन्नपूर्णा ढाबे में पहले से खाना खा रहे कुछ लोग शराब के नशे में थे। इसी दौरान तीनों युवक वहां पहुंचे और किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि आठ लोगों ने मिलकर तीनों पर चाकुओं से हमला कर दिया।

पुलिस ने मुख्य आरोपी गोपी दीवान सहित कुलेश्वर नेताम, रणवीर साहू, कमलेश ध्रुव, गौतम दीवान और तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया है। सभी पर बीएनएस की अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया गया है और कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इंसाफ की मांग, जांच जारी

घटना के बाद से पीड़ित परिवारों में मातम पसरा है। बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी गुमसुम हैं। तीन घरों की रोटियां पकनी बंद हो गई हैं। पुलिस फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या अचानक हुई झगड़े का नतीजा थी या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश थी। पीड़ित परिवार अब सिर्फ एक ही मांग कर रहे हैं – जिन्होंने ये किया है, उन्हें कड़ी सजा दी जाए।

Also Read: Dhamtari Murder Case: धमतरी के ग्राम चटौद में मामूली विवाद पर युवक की गला रेतकर हत्या, आरोपी हिरासत में

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button