पुलिस को देख चालक ने मोड़ ली तेज रफ्तार गाड़ी, घेराबंदी कर 18 भैंसों के साथ पकड़ाया

Rajnandgaon Crime News: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की सोमनी थाना पुलिस ने अवैध मवेशी परिवहन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस टीम ने घेराबंदी करके 18 भैंसों को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया। इस दौरान एक आरोपी चालक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मवेशी और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे टाटा आयसर वाहन समेत करीब 8.80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले से जुड़े दूसरे आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने टोल प्लाजा में लगाई नाकाबंदी

Somni Police Action: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गश्त के दौरान टीम को सटीक सूचना मिली थी कि एक टाटा आयसर वाहन में मवेशियों को ठूंसकर दुर्ग से राजनांदगांव की ओर ले जाया जा रहा है। खबर मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ठाकुरटोला टोल प्लाजा के पास वाहनों की जांच शुरू कर दी। चेकिंग देखकर संदिग्ध वाहन के चालक ने गाड़ी को वापस मोड़कर दुर्ग की ओर भगाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसका पीछा किया।

जीई रोड पर डिवाइडर से टकराया अनियंत्रित वाहन, पकड़ाया चालक

Rajnandgaon Animal Smuggling: भागने की कोशिश के दौरान ग्राम टेडेसरा के पास जीई रोड पर तेज रफ्तार आयसर वाहन अनियंत्रित होकर सड़क के डिवाइडर से टकरा गया। गाड़ी रुकते ही पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर चालक को दबोच लिया। आरोपी ने अपना नाम संगीत मधुकर उर्फ टेटे बताया, जो भिलाई-3 थाना क्षेत्र के ग्राम पथर्रा का रहने वाला है। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर इन मवेशियों को छत्तीसगढ़ से महाराष्ट्र के भंडारा ले जा रहा था।

18 भैंस बरामद, आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज

पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसके भीतर क्रूरतापूर्वक बांधी गई 18 भैंसें बरामद हुईं। जब्त की गई भैंसों की अनुमानित कीमत 1.80 लाख रुपये और वाहन की कीमत लगभग 7 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार ड्राइवर को न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है, जबकि उसके फरार साथी की खोजबीन जारी है।

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button