CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की आज की 10 बड़ी खबरें शराब दुकानों में कैशलेस सिस्टम लागू होगा, ऑनलाइन सट्टेबाजी पर सख्ती, कर्मचारियों को 55% DA की सौगात, एम्स रायपुर और बिलासपुर सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के बीच समझौता, तेलीबांधा गोलीकांड का आरोपी मयंक सिंह गिरफ्तार, इंद्रावती नदी में दो छात्राएं डूबीं, जापान में CM का 100 करोड़ निवेश प्रस्ताव, DMF फंड घोटाले में दो अफसर गिरफ्तार, धर्मांतरण मामले में पास्टर पर केस, मरही माता मंदिर के दर्शन को गए परिवार के 4 लोग बहे समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 news Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक में सख्ती के निर्देश, शराब दुकानों में होगी 100% कैशलेस व्यवस्था

Chhattisgarh Excise Department: रायपुर। वाणिज्यिक कर और आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने मंत्रालय में आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में शराब दुकानों की व्यवस्थाओं से लेकर लाइसेंस प्रक्रिया, मार्केटिंग कॉर्पोरेशन और बार-क्लब की संख्या पर चर्चा की गई। मंत्री ने साफ निर्देश दिए कि शराब दुकानों में पूरी तरह से कैशलेस सिस्टम लागू किया जाए और दुकानों में सीसीटीवी कैमरे से चौबीस घंटे निगरानी रखी जाए। देवांगन ने होटल, ढाबों और फार्म हाउस में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के भी निर्देश दिए। बैठक में सचिव आर. संगीता ने विभागीय योजनाओं का प्रस्तुतिकरण किया। साथ ही छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग और बेवरेजेस कॉर्पोरेशन के अधिकारी भी मौजूद रहे।

ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप्स पर कार्रवाई की तैयारी, डिप्टी CM का सख्त संदेश

Online Betting Crackdown: दुर्ग। डिप्टी मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दुर्ग के मड़ियापार गांव में आयोजित पोला महोत्सव में कहा कि ऑनलाइन सट्टेबाजी और मनी गेमिंग ऐप्स समाज को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि ऐसे ऐप्स चलाने या बढ़ावा देने वालों पर कानूनी कार्रवाई होगी और किसी को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार इन गतिविधियों पर पूरी तरह नज़र रखे हुए है और जल्द ही इससे जुड़ी नीतियों में बदलाव संभव है।

राज्य कर्मचारियों को राहत, DA बढ़ा कर 55% किया गया

DA Hike for State Employees: रायपुर। राज्य सरकार ने सातवें वेतनमान वाले कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता 2% बढ़ाकर 55% कर दिया है। वित्त विभाग ने इसका आदेश जारी कर दिया है, जो 1 सितंबर 2025 से लागू होगा। छठवें वेतनमान वाले कर्मचारियों का DA अब 6% बढ़कर 252% होगा। इस फैसले से लाखों कर्मचारियों और अधिकारियों को सीधा फायदा मिलेगा।

बिलासपुर को बड़ी सौगात, एम्स रायपुर और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के बीच समझौता

AIIMS Raipur MoU: बिलासपुर। अब न्यायधानी के मरीजों को उन्नत इलाज के लिए रायपुर या अन्य बड़े शहरों की ओर नहीं जाना होगा। एम्स रायपुर और बिलासपुर के सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के बीच एक महत्वपूर्ण एमओयू पर हस्ताक्षर हुए हैं। समझौते के बाद डॉक्टरों और स्टाफ को एम्स से प्रशिक्षण मिलेगा। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे राज्य के लिए स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ा कदम बताया।

रायपुर लाया जाएगा तेलीबांधा गोलीकांड का मास्टरमाइंड मयंक सिंह

Gangster Mayank Singh Arrest: रायपुर। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र में हुई गोलीबारी का आरोपी कुख्यात गैंगस्टर मयंक सिंह अब रायपुर लाया जाएगा। झारखंड एटीएस की मदद से उसे पकड़ा गया है। मयंक पर हत्या, धमकी और लूट के कई संगीन केस दर्ज हैं। जानकारी के मुताबिक, वह अजरबैजान से भारत लाया गया था और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में आपराधिक नेटवर्क चला रहा था।

बस्तर में हादसा: इंद्रावती नदी में डूबीं दो छात्राएं, कटोरा पकड़ प्रदर्शन में उतरे कर्मचारी

Bastar Protest with Bowls: बस्तर। नेलगोंडा घाट पर इंद्रावती नदी पार करते वक्त दो स्कूली छात्राएं नाव पलटने से डूब गईं। दोनों छात्राएं कक्षा 5 में पढ़ती थीं। हादसे के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम राहत कार्य में जुटी हुई है। इधर, नियमितिकरण की मांग को लेकर कर्मचारियों ने कलेक्टर कार्यालय के सामने कटोरा लेकर प्रदर्शन किया। दो महीने से वेतन नहीं मिलने के चलते उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई है।

जापान दौरे से सीएम का बड़ा निवेश प्रस्ताव, छत्तीसगढ़ में आएंगे ₹100 करोड़

CM Vishnudev Sai Japan Visit: टोक्यो/रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जापान के ओसाका में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में सरताज फूड्स को छत्तीसगढ़ में ₹100 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव दिया। यह निवेश राज्य में फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के लिए होगा, जिससे किसानों और युवाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री ने जापानी कंपनियों को छत्तीसगढ़ के खनिज संसाधनों और मानव संसाधन की ताकत से अवगत कराया। बैठक में कौशल प्रशिक्षण और ग्लोबल वर्कफोर्स एक्सचेंज जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

करोड़ों की टेंडर घोटाला: आदिवासी विकास विभाग के दो पूर्व अफसर गिरफ्तार

Tribal Welfare Department Scam: दंतेवाड़ा। आदिवासी विकास विभाग में 45 फर्जी टेंडर के जरिए करोड़ों रुपये के DMF फंड घोटाले का खुलासा हुआ है। इस मामले में दो पूर्व सहायक आयुक्त डॉ. आनंदजी सिंह और के.एस. मसराम को गिरफ्तार किया गया है। जांच में पाया गया कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए टेंडर पास कराए गए। क्लर्क संजय कोडोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।

चंगाई सभा की आड़ में धर्मांतरण, पास्टर के खिलाफ केस दर्ज

Religious Conversion Case: बिलासपुर। पथरिया थाना क्षेत्र के लक्षनपुर में एक चंगाई सभा के दौरान हिन्दू समुदाय के लोगों को कथित तौर पर ईसाई धर्म अपनाने के लिए उकसाया जा रहा था। शिकायत मिलने पर पुलिस ने पास्टर सत्यम सिंह पर धर्मांतरण कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोप है कि सभा में देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया।

बिलासपुर में दर्दनाक हादसा, नाले में बहे एक ही परिवार के 4 लोग

Marhi Mata Temple Tragedy: बिलासपुर। मरही माता मंदिर दर्शन करने गए परिवार के चार सदस्य तेज बहाव वाले नाले में बह गए। इस हादसे में तीन बच्चों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है। लगातार बारिश के कारण नाले में अचानक बाढ़ आ गई, जिससे यह घटना हुई। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Also Read: CG NHM Employees Strike: एनएचएम कर्मचारियों की 10 में से 5 मांग सरकार ने मानी, पांच मांगों पर केंद्र करेगा फैसला: मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button