
रायगढ़: रायगढ़ के जूटमिल थाना क्षेत्र में उस समय हंगामा हो गया, जब एक रेस्टोरेंट मैनेजर ने लूंगी-बनियान पहनकर खाना खाने पहुंचे एक बुजुर्ग के साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया और उन्हें कपड़े बदलकर आने को कहकर रेस्टोरेंट से भगा दिया। इस घटना के विरोध में मोहल्ले वासियों ने रेस्टोरेंट के सामने जमकर प्रदर्शन किया।
रेस्टोरेंट मैनेजर द्वारा दुर्व्यवहार
बरमकेला के रहने वाले विष्णु चरण साहू 6 नवंबर को अपने पोते के जन्मदिन में शामिल होने के लिए कैदीमुड़ा मोहल्ले में आए थे। विष्णु चरण साहू ने छातामुड़ा रोड पर स्थित अमाया रेस्टोरेंट में टेबल बुक कराया था। जब वे अपने परिजनों के साथ लूंगी-बनियान पहनकर खाना खाने पहुँचे, तो सबसे पहले गार्ड ने उन्हें रोका। बुजुर्ग द्वारा टेबल बुक करने की बात कहने पर गार्ड ने उन्हें अंदर जाने दिया। हालांकि, जब बुजुर्ग ने अंदर पहुँचकर खाना मंगवाया, तो मैनेजर उनके पास पहुँचा और उन्हें ‘कपड़ा बदलकर आने’ की बात कहकर रेस्टोरेंट से बाहर जाने को कहा।
देखिये वीडियो-
मोहल्ले वासियों का प्रदर्शन और माफी के बाद शांति
मैनेजर द्वारा बुजुर्ग से किए गए दुर्व्यवहार की जानकारी जैसे ही मोहल्ले वासियों को मिली, वे तुरंत अमाया रेस्टोरेंट के बाहर इकट्ठा हो गए और रेस्टोरेंट प्रबंधन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। मोहल्लेवासी रेस्टोरेंट मैनेजर से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग पर अड़े रहे। पुलिस की मध्यस्थता के बाद, रेस्टोरेंट के मैनेजर ने अंततः बुजुर्ग से माफी माँगी, जिसके बाद यह पूरा विवाद शांत हो सका।



