
रायपुर। Independence Day 2025: छत्तीसगढ़ ने आज 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे गर्व और सम्मान के साथ मनाया। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उन्होंने परेड की सलामी ली और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में 34 पुलिस कर्मियों को उत्कृष्ट सेवा के लिए सम्मानित किया गया। 792 जवानों और एनसीसी कैडेट्स ने मार्चपास्ट में हिस्सा लिया, वहीं अश्वारोही दल ने शानदार प्रदर्शन किया। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

सीएम ने किए कई घोषणाएं, गिनाई सरकार की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और वीर सपूतों को नमन किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ इस साल अपनी स्थापना के 25 साल पूरे कर रहा है, जिसे ‘रजत महोत्सव’ के रूप में मनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं के सहयोग से राज्य तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। उन्होंने बताया कि माओवादी प्रभावित इलाकों में सरकार लगातार काम कर रही है और मार्च 2026 तक प्रदेश को माओवाद से मुक्त करने का लक्ष्य तय किया गया है। ‘नियद नेल्लानार योजना’ के तहत 327 गांवों में आधारभूत सुविधाएं पहुंचाई गई हैं।

‘महतारी वंदन योजना’ के तहत अब तक 11,728 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है। नवा रायपुर में 100 करोड़ रुपये की लागत से एजुकेशन सिटी बनाई जा रही है। स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के लिए 441 करोड़ की लागत से स्वास्थ्य केंद्रों का विकास किया जा रहा है।
ई-गवर्नेंस और डिजिटल सेवाओं पर जोर
सीएम ने बताया कि सुशासन को प्राथमिकता देते हुए सभी विभागों में ई-ऑफिस प्रणाली लागू कर दी गई है। साथ ही, ऑनलाइन रजिस्ट्री की सुविधा से जनता को बड़ी राहत मिली है।
आत्मनिर्भर भारत की ओर कदम
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री साय ने लोगों से अपील की कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि लोग स्वदेशी वस्तुओं को अपनाएं, हर किसान पर्यावरण के अनुकूल खेती की ओर बढ़े और हर व्यवसाय गुणवत्ता को प्राथमिकता दे।

प्रदेशभर में नेताओं ने किया ध्वजारोहण
राज्य के विभिन्न जिलों में जनप्रतिनिधियों ने ध्वजारोहण कर लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने राजनांदगांव में झंडा फहराया, वहीं अन्य मंत्री और विधायक अपने-अपने जिलों में मौजूद रहे। कुछ प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
- मंत्री रामविचार नेताम (सरगुजा)
- मंत्री दयालदास बघेल (गरियाबंद)
- मंत्री केदार कश्यप (बालोद)
- मंत्री ओपी चौधरी (रायगढ़)
- विधायक अजय चंद्राकर (धमतरी)
- विधायक लता उसेंडी (कोंडागांव)
- सांसद बृजमोहन अग्रवाल (बलौदाबाजार)
- सांसद विजय बघेल (बेमेतरा)
स्कूलों और संस्थानों में भी कार्यक्रम
प्रदेश के सभी स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी दफ्तरों और संस्थानों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्कूली बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों और नृत्यों से माहौल को भावनात्मक बना दिया।

छत्तीसगढ़ ने 79वां स्वतंत्रता दिवस शांति और गरिमा के साथ मनाया। राजधानी से लेकर गांव-शहर तक तिरंगा लहराया गया और हर वर्ग ने देशभक्ति के रंग में खुद को रंगा। सरकार की योजनाएं और घोषणाएं यह संकेत देती हैं कि प्रदेश विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।



