CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें भूपेश बघेल ने पेट्रोल-डीजल कीमतों पर केंद्र को घेरा, सुशासन तिहार पर उठाए सवाल, ड्राइवर से बदसलूकी में इंजीनियर सस्पेंड, हाईकोर्ट का अनुकंपा नियुक्ति पर बड़ा फैसला, PWD सचिव ने सड़क-पुल निर्माण में तेजी के दिए निर्देश, रेलवे खेल कोटा भर्ती घोटाले में CBI की रेड, नक्सल प्रभावित गारपा गांव में पहली बार पहुंची बिजली, जनगणना 2027 तैयारी में रायपुर-भिलाई पिछड़े, बाघमारा में 2700 किलो सोने का भंडार मिला, शराब दुकान विवाद पर ग्रामीणों का थाना घेराव और सुशासन तिहार में आदिवासी गांवों की बदहाली उजागर समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर घिरी सरकार, भूपेश बघेल ने साधा निशाना
रायपुर में बढ़ती पेट्रोल और डीजल कीमतों को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मौजूदा हालात के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लोगों को विदेश यात्रा कम करने की सलाह देते हैं, जबकि खुद लगातार विदेश दौरों पर रहते हैं। भूपेश बघेल ने कहा कि आम लोगों पर महंगाई का बोझ लगातार बढ़ रहा है, लेकिन सरकार ठोस कदम उठाने के बजाय सिर्फ बयानबाजी कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर इस संकट को कम करने के लिए सरकार ने क्या किया है।
सुशासन तिहार पर भी पूर्व सीएम का तंज
भूपेश बघेल ने प्रदेश में चल रहे सुशासन तिहार पर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री कार्यक्रमों में पहुंच रहे हैं, लेकिन जनता उनसे सीधे नहीं मिल पा रही। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक व्यवस्था नियंत्रण से बाहर है और भाजपा के जनप्रतिनिधियों में भी निराशा दिखाई दे रही है।
ड्राइवर से बदसलूकी मामले में इंजीनियर निलंबित
जांजगीर में जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह को विभाग ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर अपने ड्राइवर से मोबाइल पर अभद्र भाषा में बातचीत करने का आरोप है। इस बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था, जिसमें ड्राइवर को धमकाने और अधिकारियों पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने की बात सामने आई थी। मामले के बाद जिला प्रशासन ने इंजीनियर और ड्राइवर दोनों से जवाब मांगा था। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभाग ने कार्रवाई करते हुए शशांक सिंह को नवा रायपुर स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय से अटैच कर दिया।
अनुकंपा नियुक्ति मामले में हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी
बिलासपुर हाईकोर्ट ने अनुकंपा नियुक्ति से जुड़े एक मामले में महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अदालत ने कहा कि किसी कर्मचारी की मौत के बाद उसके आश्रित को सिर्फ यह कहकर नौकरी से वंचित नहीं किया जा सकता कि पद खाली नहीं है। यह फैसला “संतोष सिन्हा बनाम छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक” मामले में आया। याचिकाकर्ता ने बताया था कि पिता की मृत्यु के दो महीने के भीतर ही उन्होंने आवेदन दे दिया था, लेकिन बैंक ने कई साल तक मामला लंबित रखने के बाद नियुक्ति देने से इनकार कर दिया। न्यायमूर्ति ए.के. प्रसाद की एकलपीठ ने कहा कि कर्मचारी की मृत्यु के साथ ही पद रिक्त माना जाएगा। ऐसे मामलों में संस्थाओं को संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए। कोर्ट ने बैंक का आदेश रद्द करते हुए 90 दिनों के भीतर नियुक्ति देने के निर्देश दिए हैं।
सड़क और पुल निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने नारायणपुर में निर्माणाधीन सड़कों, पुलों और राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण काम पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद उन्होंने कोंडागांव से नारायणपुर होते हुए महाराष्ट्र सीमा तक बन रहे नेशनल हाईवे-130डी का निरीक्षण भी किया। अधिकारियों से कहा गया कि पहुंचविहीन गांवों के लिए नई सड़क और पुल परियोजनाओं के प्रस्ताव जल्द भेजे जाएं। बैठक में कलेक्टर नम्रता जैन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
रेलवे भर्ती घोटाले में CBI की बड़ी कार्रवाई
खेल कोटे से हुई भर्ती में कथित गड़बड़ी के मामले में सीबीआई ने रायपुर और बिलासपुर रेल मंडल कार्यालयों में छापेमारी की। जांच के दौरान दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। जानकारी के मुताबिक नियुक्तियों में नियमों की अनदेखी और दस्तावेजों में हेरफेर की शिकायतें मिली थीं। सीबीआई ने दुर्ग और रायपुर स्थित ठिकानों पर भी तलाशी ली, जहां से नकदी और कई अहम दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है।
नक्सल प्रभावित गांव गारपा में पहली बार पहुंची बिजली
नारायणपुर जिले के दूरस्थ गांव गारपा में पहली बार बिजली पहुंची है। ‘नियद नेल्लानार योजना’ के तहत 48 परिवारों को बिजली कनेक्शन दिए गए हैं। करीब 55 लाख रुपये की लागत से यह काम पूरा हुआ। घने जंगल और कठिन रास्तों के बीच बिजली लाइन बिछाने का काम चुनौतीपूर्ण माना जा रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि अब बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य सुविधाओं में राहत मिलेगी।
जनगणना 2027 की तैयारी में पीछे छूटे बड़े शहर
छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 की तैयारियों के बीच रायपुर, रायगढ़ और भिलाई जैसे बड़े शहरों की रफ्तार धीमी पाई गई है। मकान सूचीकरण और सत्यापन के काम में आदिवासी और ग्रामीण जिलों ने बेहतर प्रदर्शन किया है। रायगढ़ नगर निगम में अब तक सिर्फ 4.65 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। वहीं रायपुर में 10.34 प्रतिशत और भिलाई में 7.84 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है। दूसरी ओर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, जशपुर और मोहला जैसे जिलों ने लगभग पूरा काम खत्म कर लिया है।
बलौदाबाजार में मिला सोने का बड़ा भंडार
बलौदाबाजार जिले के बाघमारा क्षेत्र में सोने का बड़ा भंडार मिलने की पुष्टि हुई है। शुरुआती सर्वे में करीब 2700 किलो सोना मिलने की संभावना जताई गई है। वेदांता समूह यहां 500 मीटर तक गहरी ड्रिलिंग कर रहा है। अधिकारियों के मुताबिक अगले दो वर्षों में खनन कार्य शुरू हो सकता है। यह परियोजना राज्य की अर्थव्यवस्था और रोजगार के लिहाज से अहम मानी जा रही है।
शराब दुकान विवाद पर ग्रामीणों का विरोध
बलौदाबाजार जिले के लाहोद गांव में सरकारी शराब दुकान को लेकर विवाद बढ़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान में तय कीमत से ज्यादा रकम वसूली जा रही है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने वालों के साथ बदसलूकी और मारपीट की गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और कई ग्रामीण शराब दुकान हटाने की मांग कर रहे हैं।
सुशासन तिहार में सामने आई आदिवासी गांवों की हकीकत
कोरबा जिले के वनांचल इलाकों से सुशासन तिहार के दौरान कई गंभीर समस्याएं सामने आईं। ग्रामीणों ने बताया कि आज भी कई गांव सड़क, बिजली और साफ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। बिजौरा गांव के ग्रामीणों ने कहा कि वे पिछले 50 सालों से नाले का गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। वहीं डोकरमना गांव के लोगों ने शिकायत की कि जल जीवन मिशन के तहत नल तो लगाए गए, लेकिन आज तक पानी नहीं पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद हालात नहीं बदले। अब लोगों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री के सामने मामला उठने के बाद शायद गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंच सकें।



