
Dhamtari Swine Flu Alert: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में स्वाइन फ्लू के 8 मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। हाल ही में हुई जांच में कुरुद क्षेत्र के 6 और धमतरी शहर के 2 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सभी मरीजों में सर्दी-बुखार और सांस लेने में तकलीफ जैसे शुरुआती लक्षण देखे गए थे। हालांकि, समय पर इलाज और होम आइसोलेशन की मदद से सभी 8 मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। इसके बावजूद संक्रमण के खतरे को देखते हुए जिले भर में चौकसी बढ़ा दी गई है।
मेकाहारा रायपुर की जांच रिपोर्ट में हुई स्वाइन फ्लू की पुष्टि
Swine Flu in CG: नोडल अधिकारी डॉ. आदित्य सिन्हा के अनुसार कुरुद और धमतरी शहरी क्षेत्र में लक्षण वाले मरीजों के नाक और गले से स्वाब सैंपल लिए गए थे। इन सैंपलों को विस्तृत जांच के लिए रायपुर स्थित मेकाहारा (मेकाहारा मेडिकल कॉलेज) भेजा गया था। लैब से आई जांच रिपोर्ट में स्वाइन फ्लू वायरस (इन्फ्लुएंजा) की पुष्टि हुई। इसके तुरंत बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संबंधित इलाकों में पहुंचकर निगरानी शुरू की और मरीजों को आवश्यक दवाएं देकर आइसोलेट कराया था।
जिले में घर-घर सर्वे और संदिग्ध मरीजों की पहचान तेज
CG Swine Flu Update: मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में घर-घर सर्वे का काम शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की टीम ऐसे लोगों की पहचान कर रही है जो लंबे समय से सर्दी, खांसी या तेज बुखार से पीड़ित हैं। विभाग का मुख्य जोर संक्रमण को फैलने से रोकना और शुरुआती स्तर पर ही मरीजों को इलाज उपलब्ध कराना है। जिन इलाकों में मरीज मिले थे, वहां विशेष निगरानी रखी जा रही है।
ब्लॉक स्तर पर विशेष कमेटियों का गठन और कर्मचारियों को निर्देश
Dhamtari Health Department Alert: स्वाइन फ्लू पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर एक अलग निगरानी कमेटी बनाई गई है। इसके अलावा हर ब्लॉक में 6 से 7 अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम तैनात की गई है। सभी ब्लॉकों के ग्रामीण स्वास्थ्य अधिकारियों (RHO) और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (CHO) को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी व्यक्ति में संदिग्ध लक्षण दिखने पर तुरंत सैंपलिंग कराएं और प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करें।
जिला अस्पताल में 5 बेड आरक्षित और आपातकालीन तैयारियां पूरी
संभावित खतरे को देखते हुए जिला अस्पताल धमतरी में मरीजों के इलाज की विशेष व्यवस्था की गई है। अस्पताल में स्वाइन फ्लू या गंभीर श्वसन संक्रमण के मरीजों के लिए 5 बेड अलग से आरक्षित किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग दो स्तरों पर काम कर रहा है। एक तरफ मैदानी स्तर पर सर्वे करके संदिग्धों की खोज की जा रही है, तो दूसरी तरफ अस्पताल में दवाइयों और ऑक्सीजन सपोर्ट की व्यवस्था दुरुस्त रखी गई है।
स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षण और बचाव के जरूरी उपाय
स्वाइन फ्लू एक संक्रामक बीमारी है जो खांसने या छींकने से हवा में फैलने वाले ड्रॉपलेट्स के जरिए दूसरे व्यक्ति तक पहुंचती है। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि लक्षण दिखने पर घबराने के बजाय सावधानी बरतें।
- प्रमुख लक्षण: तेज बुखार, ठंड लगना, लगातार खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, बदन दर्द, अत्यधिक थकान और सांस लेने में परेशानी।
- बचाव के उपाय: खांसते या छींकते समय मुंह पर रुमाल या टिशू रखें, साबुन से बार-बार हाथ धोएं, भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें और लक्षण महसूस होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर से परामर्श लें।



