मतदाता पुनरीक्षण ड्यूटी SIR के दौरान महिला BLO बेहोश, अस्पताल में भर्ती

बिलासपुर: पूरे प्रदेश में मतदाता पुनरीक्षण (SIR) सर्वे का कार्य तेजी से जारी है, जिसके कारण इस कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों पर काम का दबाव लगातार बढ़ रहा है। शनिवार 30 नवंबर को अवकाश के दिन भी कई BLO स्कूलों में ड्यूटी करते नजर आए। इसी दौरान तारबाहर पानी टंकी के पास स्थित शासकीय स्कूल में महिला एवं बाल विकास विभाग की सुपरवाइजर ई. गीता कृष्णन अचानक बेहोश होकर गिर पड़ीं। वहां मौजूद शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया और अधिकारियों व परिजन को इसकी जानकारी दी।

कामकाज के अत्यधिक दबाव से बिगड़ी तबीयत

प्राथमिक जानकारी के अनुसार, निर्वाचन संबंधी कार्य और विभागीय जिम्मेदारियों के बढ़ते दबाव के कारण सुपरवाइजर का ब्लड प्रेशर बढ़ गया था, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ी। उनके साथ काम कर रही एक महिला कर्मचारी के अनुसार, लगातार निर्वाचन ड्यूटी और विभागीय कार्य के दबाव की वजह से ही यह स्थिति आई। सुपरवाइजर की बेटी ने भी बताया कि निरंतर काम करने से उनकी तबीयत खराब हो गई। फिलहाल, अस्पताल में उनका इलाज जारी है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी से मानसिक तनाव

चुनाव आयोग ने मतदाता पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समय में शत-प्रतिशत लक्ष्य के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस कार्य की नियमित समीक्षा की जिम्मेदारी दी गई है। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी जारी की गई है, जिससे शिक्षक और अन्य विभागों के कर्मचारी मानसिक तनाव महसूस कर रहे हैं।

Also Read: साय सरकार का बड़ा कदम, शीतकालीन सत्र में आएगा धर्मांतरण कानून

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button