CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें बीजापुर मुठभेड़ में 6 नक्सली ढेर, सगाई में जा रही बस पलटी 5 की मौत, 16 करोड़ का धान घोटाला, मनरेगा पर कांग्रेस की पदयात्रा, AI से शिक्षा में सुधार, DEO ऑफिस आगजनी जांच, हनुमान चालीसा पाठ पर सियासत, रायपुर साहित्य उत्सव 23 से, 40वें नेशनल गेम्स की दावेदारी और खारुन रिवर फ्रंट प्रोजेक्ट रद्द समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

बीजापुर मुठभेड़: सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता, 6 नक्सलियों के शव बराम

बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में अब तक कुल 6 नक्सलियों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जिनमें 4 महिला नक्सली शामिल हैं। मारे गए नक्सलियों में कुख्यात डीवीसीएम (DVCM) दिलीप बेड़जा और एसीएम माड़वी कोसा जैसे बड़े नाम शामिल हैं। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने AK-47, इंसास और कार्बाइन जैसे आधुनिक हथियार भी बरामद किए हैं। बस्तर आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि क्षेत्र में अभी भी सर्चिंग ऑपरेशन जारी है।

सगाई समारोह में जा रही बस पलटी, 5 की मौत और 87 घायल

बलरामपुर जिले की सीमा से सटे झारखंड के ओरसा घाटी में रविवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। छत्तीसगढ़ से एक सगाई समारोह में शामिल होने झारखंड जा रही बस अनियंत्रित होकर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इस हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 87 यात्री घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

धान उठाव में 16 करोड़ की गड़बड़ी: बिलासपुर में राइस मिल सील

बिलासपुर जिला प्रशासन ने धान उठाव और कस्टम मिलिंग में बड़ी धांधली पकड़ी है। एसडीएम मनीष साहू की टीम ने सिरगिट्टी स्थित अमरनाथ एग्रो प्रोडक्ट राइस मिल पर छापा मारकर 16 करोड़ रुपये मूल्य का 54 हजार क्विंटल धान जब्त किया है। जांच में लगभग 4,577 क्विंटल धान कम पाया गया। प्रशासन ने मिल को सील कर संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। जिले में अब तक कुल 56 करोड़ रुपये से अधिक का धान जब्त किया जा चुका है।

मनरेगा मुद्दे पर कांग्रेस की पदयात्रा: केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस तखतपुर विधानसभा क्षेत्र में 5 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकालेगी। यह आंदोलन मनरेगा योजना के नाम परिवर्तन और केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय हिस्सेदारी 90:10 से घटाकर 60:40 किए जाने के विरोध में किया जा रहा है। कांग्रेस का आरोप है कि इस फैसले से ग्रामीण अर्थव्यवस्था और मजदूरों के हितों को नुकसान पहुंचेगा।

AI और डेटा एनालिटिक्स से शिक्षा में सुधार: ‘विद्या समीक्षा केंद्र’ बना राष्ट्रीय मानक

छत्तीसगढ़ का ‘विद्या समीक्षा केंद्र’ (VSK) शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल सुशासन की राष्ट्रीय मिसाल बनकर उभरा है। आईआईटी भिलाई इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी फाउंडेशन ने राज्य की इस पहल को सराहा है। यह केंद्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डेटा एनािक्स के माध्यम से प्रदेश के 48,500 स्कूलों, 39 लाख छात्रों और 1.8 लाख शिक्षकों की रियल-टाइम निगरानी कर रहा है, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आया है।

रायपुर DEO कार्यालय आगजनी: 3 सदस्यीय जांच समिति गठित

राजधानी के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय में शनिवार रात हुई भीषण आगजनी के मामले में डीपीआई ने तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। संभागीय संयुक्त संचालक संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता वाली यह समिति 5 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट देगी। आग में स्कूलों से जुड़े वर्षों पुराने रिकॉर्ड और फाइलें जलकर राख हो गई हैं। जांच में आग लगने के कारणों और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की पड़ताल की जाएगी।

आस्था पर सियासत: कांग्रेस ने थाने के बाहर किया हनुमान चालीसा का पाठ

रायपुर के कोतवाली थाने के बाहर कांग्रेस नेताओं ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ कर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस का आरोप है कि अहमदाबाद में हनुमान जी की तस्वीर वाली पतंग उड़ाकर और भाजपा प्रवक्ता द्वारा गौ माता पर दिए गए बयान से हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंची है। कांग्रेस ने दोषियों पर एफआईआर दर्ज करने की मांग करते हुए इसे भाजपा का ‘छद्म हिंदुत्व’ करार दिया है।

रायपुर साहित्य उत्सव 2026: 23 जनवरी से शुरू होगा ‘साहित्य का महाकुंभ’

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक और साहित्यिक परंपरा को सहेजने के लिए 23 से 25 जनवरी तक ‘रायपुर साहित्य उत्सव’ का आयोजन नवा रायपुर के पुरखौती मुक्तांगन में किया जा रहा है। इस महोत्सव में देशभर के प्रतिष्ठित लेखक, कवि और विचारक हिस्सा लेंगे। नई पीढ़ी को लोक परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न साहित्यिक सत्र और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।

राष्ट्रीय खेलों की दावेदारी: छत्तीसगढ़ में 40वें नेशनल गेम्स की तैयारी

छत्तीसगढ़ ओलिंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ. विक्रम सिंह सिसोदिया ने दिल्ली में केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया से मुलाकात की। उन्होंने आग्रह किया कि 2028 में प्रस्तावित 40वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी छत्तीसगढ़ को दी जाए। सिसोदिया ने राज्य में विकसित हो रहे खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के खेल प्रेम की जानकारी साझा करते हुए खेलों की मेजबानी के लिए राज्य की तैयारी बताई।

खारुन रिवर फ्रंट प्रोजेक्ट रद्द: 550 करोड़ की योजना अब महादेव घाट तक सिमटी

साबरमती की तर्ज पर प्रस्तावित 45 किलोमीटर लंबा ‘खारुन रिवर फ्रंट’ प्रोजेक्ट सरकारी मंजूरी न मिलने के कारण निरस्त हो गया है। 550 करोड़ रुपये के इस भव्य प्रोजेक्ट की फाइल दो साल तक बजट में शामिल रहने के बाद भी स्वीकृत नहीं हो सकी। अब शासन ने इसे सीमित करते हुए केवल महादेव घाट के पास 108 करोड़ रुपये की लागत से सौंदर्याकरण करने का निर्णय लिया है, जिसे लेकर शहरवासियों में निराशा है।

Also Read: CG Free Coaching: सरकारी नौकरी का सपना होगा सच: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगी फ्री कोचिंग, हर महीने 1000 रुपये स्टाइपेंड भी; जानें कैसे करें आवेदन

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button