धमतरी शहर में हाथी के घुसने से मचा हड़कंप, फोटो-वीडियो लेने दौड़ी जनता

धमतरी: सोमवार की देर शाम धमतरी शहर के अंदर एक हाथी के घुसने से देर रात तक हड़कंप मचा रहा। डांगीमाचा गंगरेल क्षेत्र में विचरण कर रहा यह हाथी अचानक मरादेव वृंदावन गार्डन होते हुए रुद्री पहुँच गया। रुद्री चौक के पास हाथी के पहुँचते ही उसकी चिंघाड़ की आवाज़ सुनकर लोगों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और वन विभाग की टीम लगातार उसके पीछे चल रही थी।

शहर के कई इलाकों में घूमता रहा हाथी

हाथी रात करीब 8 बजे रुद्री चौक पहुँचा, जो कलेक्टर और एसपी निवास से कुछ ही दूरी पर है। वहाँ से यह हाथी जल विहार कॉलोनी से दुलारी नगर होते हुए शहर की बालाजी कॉलोनी तक पहुँच गया। बालाजी कॉलोनी से यह पिंक सिटी के किनारे होते हुए बालक स्कूल की गली से विंध्यवासिनी मंदिर रोड पर निकला।

इस दौरान लोगों को खबर लग गई और मंदिर के पास पुलिस ने भीड़ को रोक दिया। इसके बाद हाथी विंध्यविहार कॉलोनी में घुसा और फिर दानीटोला होते हुए आगे नहर नाका से हरफतराई की ओर चला गया।

जान जोखिम में डालकर फोटो-वीडियो के लिए उमड़ी भीड़

गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की बड़ी हानि नहीं हुई, हालाँकि दानीटोला में एक घर को नुकसान पहुँचाने की खबर मिली है। इस पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ी चुनौती बनी जनता की भीड़, जो हाथी के पीछे-पीछे दौड़ रही थी। पुलिस और वन विभाग के अधिकारी लगातार लोगों को समझाइश दे रहे थे, लेकिन जनता मानने को तैयार नहीं थी। लोग अपनी जान जोखिम में डालकर भी अपने मोबाइल में हाथी के फोटो और वीडियो लेने के लिए आतुर दिखाई दे रहे थे। लगभग दो घंटे तक यह स्थिति बनी रही। डीएफओ, सीएसपी सहित अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और लगातार हाथी पर निगरानी करते रहे।

Also Read: Video: मगरलोड में मामूली विवाद के बाद मुस्लिम नाबालिग ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, इलाके में फैली सनसनी

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button