
CG Weather Update Today: छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बीते कुछ दिनों से झुलसाने वाली गर्मी झेल रहे लोगों को अब राहत मिलने के आसार हैं। प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में मानसून की दस्तक तो हो चुकी है, लेकिन आगे बढ़ने में अभी थोड़ा वक्त लग सकता है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में बुधवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है।
अगले 4-5 दिनों तक जारी रहेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के कुछ इलाकों में अगले पांच दिनों तक बादल गरजने, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही कई स्थानों पर अंधड़ और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में पूर्वी बिहार के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवात सक्रिय है, जिसका असर छत्तीसगढ़ के मौसम पर पड़ रहा है।
राजधानी रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर की बात करें तो बुधवार को आकाश आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। मौसम विभाग ने आज बारिश की संभावना जताई है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। आज रायपुर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। मंगलवार रात से मौसम में बदलाव देखने को मिला, जिससे गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली।
किन जिलों में हो सकती है झमाझम बारिश?
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, आज रायपुर के अलावा बलौदाबाजार, दुर्ग, भिलाई, कांकेर, राजनांदगांव, सरगुजा और बालोद जैसे जिलों में भी अच्छी बारिश की संभावना है। इन इलाकों में दिनभर बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। साथ ही तेज हवा और गरज-चमक के साथ अंधड़ भी चल सकता है।
मानसून की चाल क्यों हुई धीमी?
मौसम विभाग का कहना है कि अरब सागर से आने वाली मानसूनी हवाएं फिलहाल कमजोर पड़ी हैं, जिसकी वजह से मानसून का आगे बढ़ना थमता नजर आ रहा है। मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा के मुताबिक, अगले 4-5 दिनों तक मानसून की प्रगति में खास बदलाव नहीं होगा।
भीषण गर्मी से मिलेगी राहत
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के पार जा रहा था। हालांकि, पिछले 24 घंटों में कई जगहों पर हल्की बारिश दर्ज की गई है, जिससे दिन और रात के तापमान में थोड़ा फर्क आया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले तीन दिनों में तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिलेगी।
जून में बारिश में हो सकती है थोड़ी कमी
मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि इस बार जून महीने में सामान्य से थोड़ी कम बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि, जुलाई और अगस्त में स्थिति सामान्य रहने की संभावना है।
Also Read: Raipur Skywalk Project: 8 साल से अधूरे पड़े स्काईवॉक का काम हफ्तेभर में होगा शुरू



