अजय चंद्राकर का भूपेश बघेल पर तीखा हमला, कहा- ‘जाँच एजेंसियों पर टिप्पणी करना भूपेश बघेल का पैशन’

रायपुर: भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तीखा हमला बोला है। व्यापारी हेमंत चंद्राकर को लेकर बघेल द्वारा किए गए एक सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए, विधायक चंद्राकर ने कहा कि भूपेश बघेल का किसी भी जाँच एजेंसी पर टिप्पणी करना ‘पैशन’ बन गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों से वर्षों से कट चुकी है और उसके पास अब कोई मुद्दा शेष नहीं बचा है।

‘गांधी परिवार के कारण हार मानना ब्रह्महत्या जैसा पाप’

अजय चंद्राकर ने कांग्रेस की हार पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के नेता जाँच एजेंसियों पर इसलिए हमला कर रहे हैं, ताकि राहुल गांधी को पाक-साफ़ रखा जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों के लिए यह कहना ‘ब्रह्महत्या के बराबर का पाप’ है कि वे गांधी परिवार के कारण चुनाव हारे हैं, इसलिए किसी न किसी बाहरी कारक को जिम्मेदार बताना उनकी मजबूरी है।

संगठन सृजन पर तंज: कांग्रेस में सब दावेदार, चेहरों पर कालिख

विधायक चंद्राकर ने कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अब आदमी और कार्यकर्ता बचे ही नहीं हैं, जो भी हैं वे सभी दावेदार हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बदहाली के लिए केवल सहानुभूति ही व्यक्त की जा सकती है। उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस की अंत्येष्टि करने के लिए छत्तीसगढ़ में उनकी पर्याप्त संख्या है। उन्होंने सवाल किया कि चाहे वे 12, 24 या 36 बिंदुओं का पहाड़ा गिन लें, मगर चेहरों को उबारने का कोई तरीका उनके पास है क्या? चंद्राकर के अनुसार, कांग्रेस में सभी चेहरों पर कालिख लगी हुई है।

बिहार चुनाव और NSUI प्रदर्शन पर सवाल

बिहार चुनाव में भूपेश बघेल की भूमिका को लेकर अजय चंद्राकर ने सवाल उठाया कि उन्हें सीनियर ऑब्जर्वर या कुछ भी बना दें, लेकिन सवाल यह है कि वे कितनी सीटें लाएँगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेता जहाँ ड्यूटी लगती है, वहाँ जाते हैं, जबकि कांग्रेस में स्थिति स्पष्ट नहीं है। वहीं, एनएसयूआई के प्रदर्शन पर सवाल करते हुए उन्होंने कहा कि क्या उनके लोग पढ़ना-लिखना बंद कर चुके हैं? क्या उनके पास शैक्षणिक मामले नहीं हैं? उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वे गृहमंत्री से अपील करेंगे कि इन बच्चों पर कोई कार्रवाई न की जाए।

Also Read: मुख्यमंत्री साय का दिल्ली दौरा, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और रक्षा मंत्री से भेंट, इन महत्वपूर्ण बात को लेकर किये विशेष मुलाकात

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button