
रायपुर: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा से भाजपा और संघ के कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत का मामला सामने आया है। इस घटना के दो वीडियो कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए, जिस पर तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ शुरू हो गई हैं।
कांग्रेस ने वीडियो साझा करते हुए लिखा – “सत्ता का अहंकार देखिए, बाढ़ पीड़ितों की मदद करने के बजाय भाजपा और आरएसएस के नेता आपस में झगड़ रहे हैं। इससे साफ है कि शासन-प्रशासन और भाजपा कितनी गंभीर है।”
विवाद की वजह
जानकारी के मुताबिक, भाजपा जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम और आरएसएस कार्यकर्ता संतोष महापात्र के बेटे आशु के बीच दंतेवाड़ा रेलवे फाटक पर ओवरटेक स्पीड को लेकर बहस हो गई। इस बहस का भी वीडियो वायरल है।
इसके बाद अरविंद कुंजाम के 50 से ज्यादा समर्थक, संतोष महापात्र के घर (गायत्री मंदिर के पास) पहुंच गए और घंटों हंगामा किया। इस दौरान घर का मुख्य दरवाज़ा जबरन तोड़ा गया और मारपीट की घटनाएँ भी हुईं। यह पूरा घटनाक्रम वीडियो में कैद है और वायरल हो रहा है।
पुलिस और स्थिति
महज 200 मीटर दूर स्थित थाना होने के बावजूद पुलिस को उपद्रव को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, न तो पुलिस ने स्वत: संज्ञान लिया और न ही दोनों पक्षों ने कोई शिकायत दर्ज कराई।
घटना ने दंतेवाड़ा समेत पूरे प्रदेश की राजनीति को गरमा दिया है।



