GST Rate Cut: रोजमर्रा की कई चीजों पर टैक्स घटाने के बाद दुकान पर कब आएंगे कम MRP लिखे हुए तेल-साबुन-बिस्किट-चॉकलेट? जानिए 22 सितंबर से दाम घटेंगे या नहीं

नई दिल्ली जीएसटी काउंसिल द्वारा रोजमर्रा की जरूरत की कई चीजों पर टैक्स घटाने के फैसले के बाद अब आम लोगों के मन में सवाल है कि तेल, साबुन, बिस्किट और चॉकलेट जैसे FMCG प्रोडक्ट्स कब सस्ते होंगे? कंपनियों और वितरकों के पास पहले से ही पुराने एमआरपी वाले स्टॉक मौजूद हैं, इसलिए बाजार में नए दामों वाले पैकेट आने में कुछ वक्त लगेगा।

कंपनियों की मुश्किल: पुराना स्टॉक और नया टैक्स

GST Council: एफएमसीजी कंपनियों का कहना है कि गोदाम और दुकानों में पहले से ही बड़ी मात्रा में पुराना स्टॉक रखा हुआ है। इन पर पहले वाली टैक्स दरों के हिसाब से एमआरपी छपा हुआ है। उद्योग जगत चाहता है कि सरकार पुराने स्टॉक को छूट के साथ बेचने की अनुमति दे। इससे उपभोक्ताओं तक कम दाम का फायदा धीरे-धीरे पहुंच सकेगा।

इमामी और FICCI की राय

इमामी के एमडी हर्षवर्धन अग्रवाल ने कहा कि कंपनियां अभी हालात का आकलन कर रही हैं। हर प्रोडक्ट और स्टॉक स्तर पर स्थिति अलग है, इसलिए सरकार से स्पष्ट गाइडलाइन की जरूरत है। उद्योग मंडल FICCI का भी कहना है कि यह चुनौती हर कंपनी के लिए अलग-अलग होगी।

गोदरेज कंज्यूमर: अक्टूबर से असर दिखेगा

गोदरेज कंज्यूमर के एमडी सुधीर सीतापति के मुताबिक, उपभोक्ताओं को अगले महीने की शुरुआत या मध्य तक ही नए दामों वाले सामान मिलने लगेंगे। उनका कहना है कि स्टॉक खत्म होने और नए एमआरपी वाले पैकेट बाजार तक पहुंचने में वक्त लगता है।

पारले और वी-मार्ट का रुख

पारले प्रोडक्ट्स के वाइस प्रेसिडेंट मयंक शाह ने कहा कि हर कंपनी के लिए चुनौती अलग है। फूड प्रोडक्ट्स की मियाद कम होती है, इसलिए उनका स्टॉक जल्दी निकल सकता है। वहीं, वी-मार्ट ने साफ किया है कि वह पैकेट पर छपे एमआरपी में बदलाव नहीं करेगा, लेकिन ग्राहकों को बिलिंग के समय छूट जरूर दी जाएगी।

400 वस्तुओं पर कम हुआ टैक्स

जीएसटी काउंसिल ने हाल ही में दरों को सरल करते हुए चार स्लैब की जगह दो स्लैब कर दिए। अब रोजमर्रा की अधिकांश चीजों पर टैक्स 18% से घटाकर 5% और 18% रखा गया है। विलासिता की वस्तुओं और तंबाकू पर 40% की दर जारी रहेगी। करीब 400 वस्तुओं पर टैक्स रेट कम किए गए हैं।

कब से मिलेंगे सस्ते प्रोडक्ट्स?

नई कर दरें 22 सितंबर से लागू होंगी। हालांकि, दुकानों पर कम कीमत वाले पैकेट तुरंत नहीं दिखेंगे। उम्मीद है कि अक्टूबर की शुरुआत से उपभोक्ताओं को तेल, साबुन, बिस्किट और चॉकलेट जैसे सामान पुराने दाम से सस्ते मिलने लगेंगे।

Also Read: GST Rate Cut List: सस्ते हो गए ये सामान, किन चीजों पर अब कम जीएसटी लगेगा? किस पर नहीं लगेगा, देखें नई और पुरानी दरों की पूरी लिस्ट

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button