
दुर्ग: Pulgaon Murder Case: पुलगांव थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी। इस रिश्ते को छुपाए रखने के लिए महिला ने अपने ही जीवनसाथी को रास्ते से हटाने की साजिश रची थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
सुनसान बगीचे में ले जाकर की गई वारदात
Lover kills husband: यह मामला 22 अगस्त का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हरपाल सिंह उर्फ छोटू ने महिला अंजनी ठाकुर के कहने पर उसके पति धनेश ठाकुर को शराब पिलाने के बहाने नगपुरा के एक बगीचे में बुलाया। धनेश शराब के नशे में बेसुध हो गया, जिसके बाद हरपाल ने उसके सिर पर पत्थर से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद हरपाल ने अंजनी को फोन कर कहा, “काम हो गया है”, और घटनास्थल से निकल गया। जगह पहले से ही सुनसान चुनी गई थी ताकि किसी को शक न हो।

शव की पहचान पत्नी ने खुद की
24 अगस्त को पुलिस को आंवला बाड़ी इलाके में एक अज्ञात शव मिला। पहचान के लिए पुलिस ने शव की तस्वीरें सार्वजनिक कीं। कुछ घंटों बाद अंजनी ठाकुर थाने पहुंची और शव की पहचान अपने पति धनेश ठाकुर (45) के रूप में की। पोस्टमॉर्टम में साफ हो गया कि मौत सिर पर किसी भारी चीज से वार की वजह से हुई है। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
25 साल से चल रहा था प्रेम संबंध
जांच के दौरान पुलिस को अंजनी और हरपाल के बीच पुराने रिश्ते की जानकारी मिली। पूछताछ में हरपाल ने कबूल किया कि वह पिछले 25 सालों से अंजनी से प्रेम करता है और अक्सर उसके घर आता-जाता था। धनेश बेरोजगार था और शराब पीने का आदी था। वह अक्सर घर पर ही रहता था, जिससे अंजनी और हरपाल के बीच मुलाकात मुश्किल हो गई थी। इसी वजह से दोनों ने धनेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी को पकड़ा
शव की पहचान के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया। हरपाल की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया। थोड़ी देर की पूछताछ में ही उसने पूरी सच्चाई कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने अंजनी ठाकुर को भी हिरासत में ले लिया। दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या इस साजिश में कोई और भी शामिल था या नहीं।



