कुरुद में 100 बिस्तरों वाले नवीन सिविल अस्पताल भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास

धमतरी: सोमवार को कुरूद विधानसभा के लिए ऐतिहासिक दिन रहा, जब स्वामी विवेकानंद इंडोर स्टेडियम परिसर में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर के निरंतर प्रयासों से स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार हेतु वर्तमान में संचालित 50 बिस्तरीय सिविल अस्पताल का उन्नयन करके उसे 100 बिस्तर सिविल अस्पताल में उन्नयन को मंजूरी दी और बड़ी राशि की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की। जिसका कुरूद विधायक अजय चन्द्राकर की अध्यक्षता में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और सांसद रूपकुमारी चौधरी के कर-कमलों से इस 17 करोड़ की लागत से बनने वाले इस 100 बिस्तरों वाले नवीन सिविल अस्पताल भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया गया। विधायक अजय चन्द्राकर ने बताया कि यह 17 करोड़ की लागत से बनने वाला भवन कुरूद के इतिहास में सबसे महंगा और हाईटेक भवन होगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आम नागरिक उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य मंत्री ने कुरूद को दी 50 बेड एमसीएच और नर्सिंग कॉलेज की सौगात

मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कुरूद की जनता को दो बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने विधायक अजय चन्द्राकर की मांग को पूरा करते हुए पुराने अस्पताल का उन्नयन कर 50 बेड एमसीएच (मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल अस्पताल) और डॉक्टरों के रहने के लिए चार आवास निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा, मंत्री ने प्रदेश में 8 नर्सिंग कॉलेज की संख्या को बढ़ाकर 12 करने के निर्णय की जानकारी दी, जिसमें से एक नर्सिंग कॉलेज कुरूद में भी बनेगा, जिसका शिलान्यास एक-दो महीने में किए जाने की संभावना है।

राज्य में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार पर दिया ज़ोर

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य निर्माण के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, जिसे भाजपा सरकार ने बढ़ाकर 10 किया था। अब हमने 5 और नए मेडिकल कॉलेज खोलने का निर्णय लिया है। मंत्री ने विधायक अजय चन्द्राकर की सराहना करते हुए कहा कि उनके रहते कुरूद का विकास कोई रोक नहीं सकता। सांसद रूपकुमारी चौधरी ने भी इस परियोजना के लिए केंद्र और राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को साझा किया।

अस्पताल में मिलेंगी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह नवीन अस्पताल भवन 17 करोड़ से अधिक की लागत से पाँच मंजिला स्वरूप में तैयार किया जाएगा। इसमें आधुनिक चिकित्सा तकनीक, सर्जरी यूनिट, प्रसूति कक्ष, आपातकालीन सेवाएँ, ICU, बच्चों के वार्ड, जाँच प्रयोगशाला और दवा वितरण केंद्र सहित अन्य आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि इस अस्पताल के निर्माण से कुरूद और आसपास के लगभग 2 लाख से अधिक लोगों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएँ मिल सकेंगी, जिससे धमतरी जिला अस्पताल पर पड़ने वाला भार भी कम होगा।

विधायक चन्द्राकर ने विपक्ष को घेरा, विकास को बताया प्राथमिकता

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक अजय चन्द्राकर ने अपने संबोधन में विकास को सर्वोपरि बताया। उन्होंने विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब भी विपक्ष की सरकार रही, विकास पिछड़ा है, और वह कार्यकाल क्षेत्र के लिए ‘डार्क एज’ के समान था। उन्होंने कहा कि कुरूद का भविष्य और जनमत का सम्मान करने हमने सदैव सकारात्मक राजनीति की है। उन्होंने विपक्ष से सिर्फ सर्वसम्मति बनाने का काम करने की अपील करते हुए कहा कि कुरूद का नक्शा हम बदलेंगे। विधायक चन्द्राकर ने कहा हम जनता की अपेक्षाओं पर कुरुद की आवश्यकताओं पर कुरुद के नवजवानों, माताओं के अपेक्षाओं पर खरे उतरे यही सकारात्मक राजनीति है। कुरुद को भारत के मानचित्र में एक अलग पहचान दिलाने हम जनता के प्रति समर्पित होकर कार्य कर रहे है।

Also Read: NEW Nursing College Kurud: विधायक अजय चंद्राकर के प्रयास से कुरूद में नवीन नर्सिंग महाविद्यालय के लिए नए पदों के सृजन को मिली प्रशासनिक स्वीकृति

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button