CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें त्रैमासिक परीक्षा के दिन नहीं पहुंचे शिक्षक से लेकर कोयला और शराब घोटाले की गूंज, अबूझमाड़ मुठभेड़ में नक्सलियों पर निर्णायक प्रहार, आंगनबाड़ी हादसे पर हाईकोर्ट की सख्ती, DRM ऑफिस रायपुर में कुलियों का प्रदर्शन, स्कूलों में 64 दिन की छुट्टियां, बस्तर ओलंपिक 2025-26 पंजीयन की शुरुआत, बालक आश्रम के प्रधान अध्यापक का निलंबन और मणिपुर हमले में बस्तर के जवान की शहादत समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

रायपुर DRM ऑफिस में कुलियों का प्रदर्शन, बैटरी वाहनों के परिचालन का विरोध

Raipur Railway Station: रायपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को कुलियों ने काम बंद कर जोरदार प्रदर्शन किया। उनकी मुख्य आपत्ति स्टेशन पर बैटरी वाहनों के परिचालन को लेकर है। कुलियों का कहना है कि पहले ही ट्रॉली, एस्केलेटर और लिफ्ट जैसी सुविधाओं के चलते उनका काम लगभग 80% घट चुका है। अब बैटरी कारें शुरू होने से उनका शेष रोजगार भी पूरी तरह खत्म हो जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि रायपुर के साथ-साथ भाटापारा और दुर्ग स्टेशनों में बैटरी कारों का संचालन हुआ तो परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो जाएगा। कुलियों का कहना है कि वे रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन रोजगार छिनने की स्थिति में उनका जीवन संकट में पड़ जाएगा।

त्रैमासिक परीक्षा के दिन नहीं पहुंचे शिक्षक, घंटों इंतजार करते रहे छात्र

CG Education System: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में शिक्षा व्यवस्था की लापरवाही ने छात्र-छात्राओं को परेशान कर दिया। प्राथमिक शाला लेफरी में त्रैमासिक परीक्षा का पहला दिन छात्रों के लिए कड़वा अनुभव साबित हुआ। सुबह 11 बजे से परीक्षा शुरू होनी थी, लेकिन 12 बजे तक भी कोई शिक्षक स्कूल नहीं पहुंचा। नतीजतन पहली से आठवीं तक के बच्चे बिना परीक्षा दिए स्कूल परिसर में बैठे इंतजार करते रहे। इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने मौके का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने संज्ञान लिया और विकासखंड शिक्षा अधिकारी को तुरंत मौके पर भेजा। इसके बाद परीक्षा प्रक्रिया शुरू कराई गई। कलेक्टर ने लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

कोयला घोटाले में सौम्या चौरसिया के पूर्व निजी सचिव रिमांड पर

Coal Scam Case: बहुचर्चित कोयला घोटाला मामले में EOW ने सौम्या चौरसिया के पूर्व निजी सचिव जयचंद कोसले को गिरफ्तार किया है। रायपुर की विशेष अदालत ने उसे 4 दिन की रिमांड पर भेजा है। आरोप है कि सचिव रहते हुए उसने 50 लाख रुपये की अवैध कमाई की। इस मामले में रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में 10 जगह छापेमारी कर मोबाइल, दस्तावेज और नगदी बरामद किए गए हैं। अब 26 सितंबर तक जयचंद से गहन पूछताछ होगी।

शराब घोटाले में चैतन्य बघेल की जमानत याचिका खारिज

Liquor Scam: पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की अग्रिम जमानत याचिका रायपुर जिला अदालत ने खारिज कर दी है। इससे पहले हाईकोर्ट भी उनकी याचिका ठुकरा चुका था। अब EOW उनकी गिरफ्तारी की तैयारी में है। अदालत ने साफ किया कि गिरफ्तारी टालने के लिए दायर की गई याचिका पर कोई राहत नहीं दी जाएगी। इस फैसले के बाद मामला राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।

अबूझमाड़ मुठभेड़ पर सीएम का बयान, नक्सलवाद पर निर्णायक प्रहार

Abhujhmad Encounter: नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में सुरक्षा बलों ने दो बड़े नक्सली लीडरों को मार गिराया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह सफलता नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में निर्णायक पड़ाव है। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के प्रयासों से 2026 तक छत्तीसगढ़ नक्सलमुक्त होगा। इस कार्रवाई को प्रदेश में शांति और विकास की गति को आगे बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है।

आंगनबाड़ी में करंट से बच्ची की मौत, हाईकोर्ट में सुनवाई

Anganwadi Accident: कोंडागांव जिले में आंगनबाड़ी केंद्र में करंट लगने से मासूम बच्ची की मौत के मामले पर हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया था। सोमवार को हुई सुनवाई में राज्य सरकार ने बताया कि पीड़ित परिवार को 1 लाख रुपये की सहायता दी गई है और आगे ऐसी घटनाएं न हों इसके लिए सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कराया जाएगा। कोर्ट ने मामले की मॉनिटरिंग जारी रखने का फैसला किया और अगली सुनवाई अक्टूबर में होगी।

बस्तर दशहरा रथ निर्माण स्थल पर शराब के नशे में घुसकर बिरियानी खाने लगा युवक, कारीगरों ने जमकर पीटा, माहौल तनावपूर्ण

Bastar Dussehra: बस्तर दशहरा के पावन रथ निर्माण स्थल पर शराब के नशे में एक युवक की हरकत ने माहौल बिगाड़ दिया। सिरहासार भवन में युवक घुसा और वहां बिरियानी खाने लगा। रथ बस्तर दशहरा की आस्था और परंपरा का प्रतीक है, ऐसे में इस घटना से कारीगर गुस्से में आ गए। कारीगरों ने युवक को रस्सी से बांधकर जमकर पीटा। बाद में उसकी पहचान गंगा के रूप में हुई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर कोतवाली थाने ले गई। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

बच्चों के लिए बड़ी खबर, इस बार 64 दिन की छुट्टियां

School Holidays: शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए स्कूलों की छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है। इस बार कुल 64 दिन का अवकाश रहेगा। दशहरा और दीपावली पर 6-6 दिन की छुट्टियां होंगी, जबकि गर्मी की छुट्टी 1 मई से 15 जून तक 46 दिन की होगी। शीतकालीन अवकाश केवल 6 दिन तय किया गया है।

बस्तर ओलंपिक 2025-26 के लिए पंजीयन शुरू

Bastar Olympics: युवाओं को खेलों की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बस्तर ओलंपिक 2025-26 का पंजीयन शुरू हो गया है। सरकार ने सभी जिलों और विकासखंडों में आयोजन समितियां गठित करने के निर्देश दिए हैं। इस प्रतियोगिता में आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सली हिंसा में दिव्यांग हुए युवाओं को भी भाग लेने का मौका मिलेगा। आयोजन की जिम्मेदारी खेल विभाग और गृह विभाग को सौंपी गई है।

बालक आश्रम के प्रधान अध्यापक निलंबित

Teacher Suspended: जगदलपुर के नागलसर बालक आश्रम में निरीक्षण के दौरान प्रधान अध्यापक चेरंगू राम नाग अनुपस्थित पाए गए। उन पर आरोप है कि उन्होंने पिछले साल की अंकसूची कुछ छात्रों को वितरित नहीं की। जिला शिक्षा अधिकारी ने उन्हें निलंबित कर मुख्यालय खंड शिक्षा अधिकारी के अधीन कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।

मणिपुर हमले में बस्तर का जवान शहीद

Bastar Martyr: मणिपुर के विष्णुपुर जिले में हुए आतंकी हमले में बस्तर के रंजीत सिंह कश्यप शहीद हो गए। उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर गांव पहुंचा, जहां अंतिम यात्रा में भारी भीड़ उमड़ी। 2016 में असम राइफल्स से जुड़े रंजीत परिवार के इकलौते बेटे थे। उनके पीछे पत्नी और तीन बेटियां हैं। सबसे छोटी बेटी केवल चार महीने की है।

Also Read: छत्तीसगढ़ में बिजली बिलों की बढ़ोतरी पर भड़का जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी, करेंगे सभी जिलों में महाधरना

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button