मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आधुनिक एम्बुलेंस को दिखाई हरी झंडी, ग्रामीण क्षेत्रों को मिलेगी त्वरित स्वास्थ्य सेवा

रायपुर, 25 जुलाई 2025: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज जशपुर जिले के ग्राम बगिया स्थित कैम्प कार्यालय परिसर से अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बैंक ऑफ इंडिया द्वारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) निधि के तहत प्रदत्त इस एम्बुलेंस में बेसिक लाइफ सपोर्ट सिस्टम समेत कई आधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ उपलब्ध हैं।

यह एम्बुलेंस विशेष रूप से मनोरा क्षेत्र के लिए निर्धारित की गई है, पर आवश्यकता पड़ने पर इसका उपयोग पूरे जिले में किया जा सकेगा, जिससे विशेषकर ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सहायता समय पर उपलब्ध हो सकेगी। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और शीघ्र स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने जानकारी दी कि जशपुर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार हेतु कुनकुरी में मेडिकल कॉलेज और 50 बिस्तरों वाले मातृ एवं शिशु अस्पताल, प्राकृतिक चिकित्सा एवं फिजियोथेरेपी केंद्र, शासकीय नर्सिंग कॉलेज और फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्थापना का कार्य प्रगति पर है। इस अवसर पर सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय, विधायक श्रीमती रायमुनी भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Also Read: PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana: सोलर प्लांट पर अब केंद्र के साथ-साथ राज्य सरकार भी देगी सब्सिडी, कैबिनेट बैठक में हुआ अहम फैसला

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button