
रायपुर. Drugs Queen Navya Malik: राजधानी रायपुर की चर्चित ड्रग्स क्वीन नव्या मलिक को अदालत ने 4 सितंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। रिमांड के दौरान क्राइम ब्रांच की टीम लगातार उससे पूछताछ कर रही है। अब तक की पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, लेकिन कई सवालों पर वह चुप्पी साधे हुए है। इसी वजह से पुलिस उसके नार्को टेस्ट (Narco Test) की तैयारी कर रही है।
कारोबारी अनवर ढेबर और बेटे से रिश्ते कबूल
Raipur Drugs Supply Case: पुलिस पूछताछ में नव्या ने राज्य के बड़े शराब कारोबारी अनवर ढेबर और उनके बेटे शोएब ढेबर से अपने रिश्तों को कबूल किया है। उसने बताया कि शोएब उसका दोस्त है और दोनों कई बार पार्टी कर चुके हैं। नव्या ने यह भी बताया कि शोएब के घर का इंटीरियर डिजाइन उसने ही किया था।

दुबई से मालदीव तक की यात्राएं
नव्या ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह कई बार विदेश गई है। दुबई, सिंगापुर, तुर्की, थाईलैंड और मालदीव की यात्राओं का जिक्र उसने खुद किया है। पुलिस को जानकारी मिली है कि वह एक बड़े शराब कारोबारी के साथ तुर्की भी गई थी और वहां तीन दिन रुकी थी। फिलहाल पुलिस उसके पासपोर्ट और यात्रा रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

मोबाइल से मिले आपत्तिजनक वीडियो
पुलिस को नव्या का एक मोबाइल बरामद हुआ है, जबकि दूसरा फोन अभी तक नहीं मिला है। इसके अलावा आरोपी अयान परवेज के मोबाइल से कई आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। इनमें तीन वीडियो नव्या के बताए जा रहे हैं। ये वीडियो जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। पुलिस को संदेह है कि अयान, नव्या को इन वीडियोज के जरिए ब्लैकमेल करता था क्योंकि उसके खाते में बड़ी रकम का ट्रांजेक्शन सामने आया है।

कारोबारी की तबीयत बिगड़ी
इस केस में मुंबई से पकड़े गए युवा कारोबारी पीके अग्रवाल से भी पूछताछ चल रही है। सोमवार सुबह क्राइम ब्रांच में पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई। सीने में दर्द की शिकायत पर उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अन्य आरोपियों से भी कनेक्शन
Drugs Queen Navya Malik: जांच में सामने आया है कि ड्रग्स नेटवर्क में पहले पकड़ी गई दुर्ग, भिलाई और रायपुर की युवतियों का नव्या से संपर्क था। पुलिस इन युवतियों को भी तलब करने की तैयारी कर रही है। इसमें एक राजनीतिक दल से जुड़ी महिला नेत्री का नाम भी शामिल है। इसके अलावा कई नामी घरानों के युवकों के तार भी इस रैकेट से जुड़े होने की बात सामने आ रही है।

अयान परवेज की भूमिका पर जांच
पुलिस ने नव्या के करीबी दोस्त अयान परवेज को गिरफ्तार किया है। दोनों मिलकर ड्रग्स की सप्लाई करते थे और कई बार विदेश भी गए थे। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि अयान केवल कारोबारी साझेदार था या फिर वीडियोज के जरिये वह नव्या पर दबाव बनाता था।



