
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां सोशल मीडिया के शौक ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में रहने वाली 35 वर्षीय अंजलि साव ने घरेलू विवाद के बाद आत्मघाती कदम उठा लिया। बताया जा रहा है कि अंजलि को इंस्टाग्राम पर रील बनाने का जुनून था, जो उनके वैवाहिक जीवन में कलह की सबसे बड़ी वजह बन गया था। इसी विवाद के चलते उन्होंने पंखे से लटककर अपनी जान दे दी।
ट्यूशन से लौटे बच्चों ने देखा मां का शव
घटना के वक्त अंजलि के दोनों बच्चे ट्यूशन गए हुए थे और पति पप्पू साव काम पर निकला था। घर में अकेली अंजलि ने विवाद से आहत होकर फांसी लगा ली। जब बच्चे पढ़ाई कर वापस लौटे और दरवाजा खोला, तो सामने मां का शव लटकता देख उनकी चीख निकल गई। बच्चों का शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। छावनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पहले भी किया था आत्महत्या का प्रयास
पुलिस जांच में पता चला है कि अंजलि और उनके पति के बीच रील बनाने को लेकर लंबे समय से खींचतान चल रही थी। पेशे से मजदूर पप्पू साव को पत्नी का सोशल मीडिया पर वीडियो बनाना पसंद नहीं था, जिसे लेकर अक्सर मारपीट और कहासुनी होती थी। अंजलि इस कदर परेशान थी कि पिछले साल दिसंबर में भी उसने धतूरा खाकर जान देने की कोशिश की थी। उस समय डॉक्टरों ने उसकी जान बचा ली थी, लेकिन रील और रिश्तों का यह संघर्ष आखिरकार मौत पर जाकर खत्म हुआ।
आखिरी पोस्ट और अधूरा डिजिटल संसार
अंजलि इंस्टाग्राम पर काफी सक्रिय रहती थीं और नियमित रूप से वीडियो पोस्ट करती थीं। जांच में सामने आया है कि उन्होंने अपनी आखिरी रील गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी को अपलोड की थी। अंजलि अपनी एक अलग पहचान बनाना चाहती थीं, लेकिन उनके और पति के विचारों के बीच की खाई बढ़ती चली गई। पुलिस अब मृतका का मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट खंगाल रही है ताकि मौत के पीछे की अन्य कड़ियों को जोड़ा जा सके।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
छावनी पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में मामला सोशल मीडिया विवाद से जुड़ा नजर आ रहा है, हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। पुलिस पप्पू साव और पड़ोसियों के बयान दर्ज कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और उससे टूटने वाले रिश्तों की कड़वी हकीकत को सबके सामने ला दिया है।



