CG Top 10 News Today: शिवरीनारायण मेले में झूला टूटा ,रायपुर में नाइटलाइफ पर पाबंदी, धान खरीदी पर बवाल, सीएम हाउस घेराव ,सीएम साय की सुरक्षा में बड़ी चूक,सनी लियोनी के शो पर बजरंग दल की चेतावनी ,महिला आयोग की सख्ती, नर्सों के वेतन में 80 लाख का घोटाला , यूट्यूबर बेटी ने पिता को मार डाला ,सूरजपुर में पुलिस जवान ने लगाई फांसी ,स्काउट-गाइड संगठन में भ्रष्टाचार के आरोप समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।
शिवरीनारायण मेले में झूला टूटा, 6 लोग घायल
जांजगीर-चांपा के प्रसिद्ध शिवरीनारायण मेले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां चल रहा ‘आकाश झूला’ अचानक टूटकर गिर गया। इस हादसे में झूल रहे 6 लोग सीधे जमीन पर आ गिरे। घायलों में एक महिला और दो युवतियां शामिल हैं जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घायल लड़कियां मलदा गांव की रहने वाली हैं। प्रशासन ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया है और अब हादसे की जांच की जा रही है कि झूले की फिटनेस में कोई कमी तो नहीं थी।
रायपुर में नाइटलाइफ पर पाबंदी, 12 बजे के बाद होटल-बार बंद
राजधानी रायपुर में पुलिस ने रात के हुड़दंग को रोकने के लिए नया फरमान जारी किया है। अब शहर के सभी होटल, ढाबे, क्लब और बार रात 12 बजे तक पूरी तरह बंद करने होंगे। पुलिस ने चेतावनी दी है कि अगर 12 बजे के बाद बिलिंग भी हुई, तो सीधे मैनेजर के खिलाफ केस दर्ज होगा। वीआईपी रोड और तेलीबांधा जैसे इलाकों में आज रात से ही गश्त बढ़ा दी गई है। कानून व्यवस्था और नशे के कारण होने वाले हादसों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
धान खरीदी पर बवाल, सीएम हाउस घेराव
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की तारीख खत्म होने के बाद अब राजनीति शुरू हो गई है। आम आदमी पार्टी ने आज रायपुर में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया। पार्टी का दावा है कि प्रदेश के करीब 3 लाख किसान अपना धान नहीं बेच पाए हैं। ‘आप’ नेताओं ने मांग की है कि खरीदी की तारीख बढ़ाकर 28 फरवरी की जाए। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफी धक्का-मुक्की भी हुई।
सीएम साय की सुरक्षा में बड़ी चूक, गलत जगह लैंड हुआ हेलीकॉप्टर
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुरक्षा में मंगलवार को बड़ी लापरवाही दिखी। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर तय किए गए पेंड्रा हेलीपैड के बजाय गौरेला के एक स्कूल परिसर में उतर गया। अचानक हुई इस लैंडिंग से अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। लगभग 10 मिनट तक हेलीकॉप्टर गलत जगह खड़ा रहा, जिसके बाद पायलट ने दोबारा उड़ान भरकर उसे सही जगह लैंड कराया। प्रशासन अब इस तालमेल की कमी की जांच कर रहा है।
राजिम में 283 जोड़ों की शादी, सरेंडर नक्सलियों ने भी बसाया घर
राजिम कुंभ कल्प के दौरान मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 283 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि कांकेर और बीजापुर के 4 आत्मसमर्पित नक्सली जोड़ों ने भी मुख्यधारा में लौटकर शादी की। पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। सरकार की तरफ से प्रत्येक वधु के बैंक खाते में 35 हजार रुपये की राशि भेजी जा रही है।
सनी लियोनी के शो पर बजरंग दल की चेतावनी
रायपुर में 22 फरवरी को होने वाले बॉलीवुड अभिनेत्री सनी लियोनी के कार्यक्रम का विरोध तेज हो गया है। बजरंग दल ने साफ कर दिया है कि अगर यह कार्यक्रम रद्द नहीं हुआ तो वे वहां तोड़फोड़ करेंगे। आयोजकों ने विरोध को देखते हुए पोस्टरों से सनी की फोटो हटाकर ‘डीजे सनी’ कर दिया है, लेकिन संगठन अभी भी कार्यक्रम के विरोध पर अड़ा हुआ है।
महिला आयोग की सख्ती, नर्सों के वेतन में 80 लाख का घोटाला
छत्तीसगढ़ महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने रायपुर में हुई जनसुनवाई में नर्सिंग स्टाफ के साथ हुई धोखाधड़ी पर कड़ा रुख अपनाया है। ईएसआई अस्पताल की 13 नर्सों ने आरोप लगाया कि एक प्लेसमेंट एजेंसी और बैंक अधिकारियों ने मिलकर उनके वेतन से करीब 80 लाख रुपये का गबन किया है। आयोग ने पुलिस को निर्देश दिया है कि अगली सुनवाई में बैंक मैनेजर और एजेंसी संचालक को पेश किया जाए।
यूट्यूबर बेटी ने पिता को मार डाला
कोरबा जिले के रलिया गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। यहां एक यूट्यूबर युवती गीता केवट ने अपने पिता अशोक कुमार की हसिया से गला काटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पिता अक्सर अपनी पत्नी और बेटियों के चरित्र पर शक करता था, जिससे घर में रोज विवाद होता था। सोमवार रात भी इसी बात पर झगड़ा हुआ और गुस्से में आकर बेटी ने यह खौफनाक कदम उठा लिया। पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।
सूरजपुर में पुलिस जवान ने लगाई फांसी
सूरजपुर जिले में तैनात आरक्षक अन्तोश खलखो का शव उनके घर में फंदे पर लटका मिला। अन्तोश सोमवार रात को ही एमसीबी जिले में अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौटे थे। सुबह जब परिवार के लोग कमरे में गए तो वे मृत मिले। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। विभाग में इस घटना से शोक की लहर है।
स्काउट-गाइड संगठन में भ्रष्टाचार के आरोप
मुंगेली में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन में वित्तीय गड़बड़ी की शिकायत सामने आई है। युवा कांग्रेस ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र सौंपकर आरोप लगाया है कि पिछले तीन साल से संगठन का ऑडिट नहीं हुआ है। आरोप है कि फर्जी बिलों के जरिए लाखों रुपये का आहरण किया गया और नियुक्तियों में नियमों को ताक पर रखा गया। युवाओं ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
Also Read: युवा अधिवक्ता सुगंधा जैन पुनः सुप्रीम कोर्ट में छत्तीसगढ़ सरकार की स्टैंडिंग काउंसिल नियुक्त



