आगामी कार्यक्रमों के लिए भाजपा में बैठकों का दौर : योग दिवस, श्यामाप्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस, आपातकाल की 50वीं बरसी पर प्रदेशभर में होंगे आयोजन, BJP ने बनाई कार्यक्रमों की रूपरेखा

Today BJP Meeting: रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में इन दिनों बैठकों का तांता लगा है. वजह है पार्टी के आने वाले बड़े आयोजनों की तैयारियां. 21 जून को योग दिवस है, 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस और 25 जून को आपातकाल की 50वीं बरसी. इन तमाम अवसरों पर भारतीय जनता पार्टी पूरे प्रदेश में जोरदार कार्यक्रम करने वाली है.

बैठकों की अगुवाई कर रहे थे भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल और प्रदेश प्रभारी नितिन नबीन. इन नेताओं ने कार्यकर्ताओं को दिशा दी और साफ कर दिया कि कोई भी आयोजन हल्के में नहीं होना चाहिए.

“संकल्प से सिद्धि: 11 साल बेमिसाल” अभियान पर भी हुई बात

बैठक की शुरुआत महारानी अहिल्याबाई होल्कर जयंती और “संकल्प से सिद्धि : 11 साल बेमिसाल” अभियान की समीक्षा से हुई. इस अभियान के तहत मोदी सरकार की 11 साल की उपलब्धियां जन-जन तक पहुंचाई जा रही हैं. 9 जून से चले इस अभियान में प्रदर्शनी, प्रोफेशनल मीट, घर-घर संपर्क, गोष्ठियां और अन्य कार्यक्रम शामिल हैं. सबका मकसद एक ही – मोदी सरकार की सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के कामों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाना.

योग दिवस पर दिखेगा बीजेपी का फुल फॉर्म

21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर भाजपा ने कमर कस ली है. पार्टी तय कर चुकी है कि यह कार्यक्रम सिर्फ रस्मअदायगी नहीं होगा. प्रदेशभर के तीर्थ, पर्यटन और ऐतिहासिक स्थलों पर भव्य आयोजन होंगे. इसके लिए पार्टी नेताओं को बाकायदा योग प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. यानी योग करते हुए नेताओं की तस्वीरें खूब वायरल होने वाली हैं!

25 जून: आपातकाल की बरसी पर कांग्रेस के खिलाफ बिगुल

1975 के काले अध्याय को याद करते हुए भाजपा 25 जून को आपातकाल की 50वीं बरसी मनाएगी – विरोध के अंदाज में. इस दिन प्रदेशभर में प्रदर्शन होंगे, प्रेस कॉन्फ्रेंस की जाएंगी और नई पीढ़ी को बताया जाएगा कि कैसे कांग्रेस ने सत्ता बचाने के लिए लोकतंत्र की हत्या कर दी थी. मीसा के तहत जेलों में डाले गए नेताओं की पीड़ा और यातनाओं को भी जनता तक ले जाया जाएगा. साथ ही, इन संघर्षों को झेलने वालों को सम्मानित करने की योजना है.

23 जून: श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस, हर बूथ तक कार्यक्रम

23 जून को भाजपा के वैचारिक स्तंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस भी खास होगा. इस दिन हर एक बूथ पर कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया गया है. वृक्षारोपण भी इस दिन का हिस्सा होगा – वो भी मां के नाम से. हर मतदान केंद्र पर पौधारोपण किया जाएगा और यह अभियान 15 अगस्त तक चलेगा. पार्टी का मकसद है कि जनसहभागिता बढ़े और संदेश गहराई तक जाए.

विधायक दल की बैठक: सरकार के कामकाज पर फीडबैक

बैठकों की इस श्रृंखला में भाजपा विधायक दल की एक अहम बैठक भी हुई. इसमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, सभी मंत्री, विधायक और संगठन के बड़े नेता मौजूद रहे. चर्चा का विषय रहा – सरकार के अब तक के कामकाज, योजनाओं और जनता से मिल रहे फीडबैक. इस मौके पर यह भी तय हुआ कि सभी विधायक इन आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे.

“मन की बात” भी बनी चर्चा का विषय

बैठक में यह भी तय हुआ कि 29 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” को हर बूथ स्तर पर सुनवाया जाएगा. यानी पार्टी बूथ स्तर तक सक्रिय रहकर न सिर्फ केंद्र सरकार की योजनाएं बताएगी, बल्कि जनता से सीधा जुड़ाव बनाए रखेगी.

Also Read: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय 21 जून को करेंगे प्रदेशव्यापी चरण पादुका योजना का शुभारंभ, तेंदूपत्ता संग्राहकों को मिलेगा लाभ

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button