CG 12th Pass Doctor: छत्तीसगढ़ में 12वीं पास युवक करता था मरीजों का ऑपरेशन, SDM की छापेमारी के बाद हाईटेक अस्पताल सील

12th Pass Doctor: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में कसडोल क्षेत्र के कटगी गांव स्थित संस्कार हॉस्पिटल में प्रशासनिक जांच के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। यहां तीन साल से बिना रजिस्ट्रेशन के अस्पताल संचालित हो रहा था। शिकायतों के बाद एसडीएम रामरतन दुबे और बीएमओ रवि अजगल्ले की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की, जहां अस्पताल की वास्तविक स्थिति देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।

12वीं पास युवक कर रहा था मरीजों का ऑपरेशन

Sanskar Hospital Katgi: जांच टीम ने पाया कि अस्पताल में दुखित राम साहू नाम का युवक ऑपरेशन कर रहा था, जिसके पास केवल 12वीं की योग्यता है। अस्पताल में न कोई पंजीकृत डॉक्टर था और न प्रशिक्षित नर्स। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और जरूरी लाइफ सेविंग उपकरण भी नहीं थे। इसके बावजूद यहां बड़े ऑपरेशन किए जा रहे थे। टीम ने इसे सीधे तौर पर नर्सिंग होम एक्ट का गंभीर उल्लंघन बताया और मरीजों की सुरक्षा के लिए खतरा माना।

गर्भवती महिला की मौत के बाद बढ़ी थी शिकायतें

पिछले महीने अस्पताल में एक गर्भवती महिला की मौत हुई थी, जिसके बाद ग्रामीणों और परिजनों ने लापरवाही के आरोप लगाए थे। इसी घटना के बाद प्रशासन ने जांच शुरू की। मौके पर जब अधिकारियों ने अस्पताल की स्थिति देखी तो कई ढिलाई और नियमों की अनदेखी सामने आई।

ऑपरेशन थिएटर में मूलभूत संसाधनों की कमी

निरीक्षण में पाया गया कि ऑपरेशन थिएटर में जरूरी उपकरण मौजूद नहीं थे। न कोई विशेषज्ञ टीम थी और न आपातकालीन सुविधाएं। अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल बिना किसी मानक के चल रहा था और लोगों की जान जोखिम में डालकर ऑपरेशन किए जा रहे थे।

एसडीएम ने अस्पताल को सील किया

छापेमारी के बाद एसडीएम ने पूरे अस्पताल को सील कर दिया। बीएमओ ने इसे जानलेवा लापरवाही बताया और कहा कि मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खुलासे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है और वे जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Also Read: CG Raj Bhavan: छत्तीसगढ़ राजभवन का नाम बदला, अब इस नाम से जाना जाएगा राज्यपाल का निवास

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button