CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें झीरम कांड पर विवादित बयान पर कांग्रेस ने अपने प्रवक्ता हटाकर थमाया नोटिस, मेडिकल कॉलेजों में परिजनों के रुकने हेतु विश्राम गृह बनाने का बड़ा फैसला, बस्तर में 10 जनवरी से ‘बस्तर पंडुम’ महोत्सव, पुलिस ने 10 किलो दुर्लभ पैंगोलिन के साथ तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम, शिक्षा विभाग में हिंदी और संस्कृत के शिक्षकों की भारी कमी, स्कूल से 2 करोड़ रुपये के टैक्स वसूली की तैयारी, नए साल पर दफ्तर से गायब 9 कर्मचारियों कोन नोटिस जारी, मंत्रालय में छुट्टियों में कटौती की खबर अफवाह, पर्यावरण के क्षेत्र में इंद्रावती रिजर्व गिद्धों के संरक्षण के लिए नया मॉडल बना, साल के पहले दिन प्रदेश के मंदिरों में श्रद्धालुओं का भारी जमावड़ा समेत पढ़ें छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

प्रवक्ता विकास तिवारी पर झीरम घाटी मामला में नार्को टेस्ट की मांग पड़ी भारी, कांग्रेस ने थमाया कारण बताओ नोटिस

छत्तीसगढ़ कांग्रेस में झीरम घाटी नक्सल कांड को लेकर दिए गए एक बयान ने राजनीतिक भूचाल ला दिया है। पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता विकास तिवारी को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। विकास तिवारी ने हाल ही में न्यायिक जांच आयोग को पत्र लिखकर कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों के नेताओं का नार्को टेस्ट कराने की मांग की थी। प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई में कहा गया है कि वरिष्ठ नेताओं का नाम इस संवेदनशील मामले में घसीटना पार्टी लाइन का उल्लंघन और अनुशासनहीनता है। पार्टी ने उन्हें तीन दिनों के भीतर लिखित स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया है।

पर्यावरण संरक्षण: इंद्रावती टाइगर रिजर्व बना गिद्धों का ‘सुरक्षित ठिकाना’

छत्तीसगढ़ का इंद्रावती टाइगर रिजर्व गिद्ध संरक्षण के मामले में देश के लिए मॉडल बनकर उभरा है। लुप्तप्राय गिद्धों को बचाने के लिए यहाँ 10,000 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में उपग्रह (सैटेलाइट) आधारित निगरानी की जा रही है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में यहाँ “वुल्चर रेस्टोरेंट” स्थापित किए गए हैं, जहाँ गिद्धों को दवा-मुक्त और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराया जाता है। अब तक 18,000 से अधिक जीपीएस डेटा पॉइंट्स के जरिए इनकी गतिविधियों का अध्ययन किया गया है। “गिद्ध मित्र दल” के सहयोग से दुर्गम क्षेत्रों में इनका निर्बाध प्रजनन सुनिश्चित करना एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

मेडिकल कॉलेजों में बनेंगे परिजनों के लिए ‘विश्राम गृह’

दूर-दराज के गांवों से इलाज के लिए शहरों में आने वाले गरीब परिवारों की पीड़ा को समझते हुए राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। अब छत्तीसगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में मरीजों के परिजनों के लिए सर्वसुविधायुक्त विश्राम गृह बनाए जाएंगे। चिकित्सा शिक्षा विभाग और सेवादान आरोग्य फाउंडेशन के बीच इसके लिए समझौता हुआ है। ‘नो प्रॉफिट-नो लॉस’ के आधार पर संचालित इन आश्रय स्थलों में सीसीटीवी निगरानी, स्वच्छ भोजन और रहने की गरिमामय सुविधा मिलेगी। पहले चरण में रायपुर, अंबिकापुर, रायगढ़ और जगदलपुर को शामिल किया गया है, जिससे अस्पताल की सीढ़ियों या खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वालों को सहारा मिलेगा।

मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, डोंगरगढ़ में 4 लाख श्रद्धालुओं का अनुमान

वर्ष 2026 के पहले दिन छत्तीसगढ़ के सभी प्रमुख मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखी गई। डोंगरगढ़ की मां बम्लेश्वरी, बिलासपुर की मां महामाया और दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी मंदिर में सुबह तड़के से ही दर्शन के लिए कतारें लग गईं। दंतेवाड़ा में इस वर्ष से 2100 रुपये की वीआईपी दर्शन सुविधा भी शुरू की गई है। राजधानी रायपुर के राम मंदिर में भक्तों की संख्या 5 लाख तक पहुंचने की संभावना को देखते हुए पट रात 12 बजे तक खुले रखने का निर्णय लिया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस ने हर जिले में कड़े इंतजाम किए हैं।

बस्तर पंडुम 2026: 10 जनवरी से बिखरेगी आदिवासी लोक-कला की छटा, बस्तर की संस्कृति को मिलेगी वैश्विक पहचान

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर बस्तर संभाग की अनूठी संस्कृति और परंपराओं को दुनिया के सामने लाने के लिए ‘बस्तर पंडुम 2026′ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। लोक संस्कृति का यह महाकुंभ 10 जनवरी से शुरू होकर 6 फरवरी तक चलेगा, जिसमें बस्तर की लोक कला, संगीत, पारंपरिक व्यंजन और जनजातीय जीवन पद्धति की खास झलक देखने को मिलेगी। यह महोत्सव जनपद, जिला और संभाग स्तर पर एक प्रतियोगिता के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसमें संभाग के सातों जिलों के कलाकार अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। पहले चरण में जनपद स्तरीय कार्यक्रम 10 से 20 जनवरी तक होंगे, जिसके बाद 24 से 29 जनवरी तक जिला स्तर पर मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इस महोत्सव का मुख्य समापन 2 से 6 फरवरी के बीच जगदलपुर में होगा, जहां संभाग स्तर के विजेताओं को 50 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। शासन ने इस आयोजन के लिए विशेष बजट आवंटित किया है ताकि ग्राम पंचायत स्तर के हुनरमंद कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का सही मंच और सम्मान मिल सके।

हिंदी भाषी राज्य में हिंदी और संस्कृत के ‘मास्साब’ की भारी कमी

छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने की कोशिशों के बीच एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। राज्य में कुल 50 हजार से अधिक शिक्षकों की कमी है, लेकिन सबसे अधिक रिक्त पद हिंदी (1535) और संस्कृत (973) जैसे विषयों के हैं। हैरानी की बात यह है कि विज्ञान और गणित के मुकाबले भाषा के शिक्षकों की कमी अधिक है। पिछले सात महीनों में सेवानिवृत्ति के कारण 6 हजार से अधिक पद और खाली हो गए हैं। सरकार द्वारा वर्तमान में की जा रही 5 हजार पदों की भर्ती को शिक्षक संघों ने ‘ऊंट के मुंह में जीरा’ बताया है।

वर्ष 2016-17 से लंबित था संपत्ति कर, जोन 5 राजस्व विभाग की बड़ी वसूली मुहिम

रायपुर नगर निगम ने राजस्व वसूली अभियान के तहत पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित लिटिल फ्लावर स्कूल के खिलाफ सख्त कदम उठाया है। स्कूल प्रबंधन पर वर्ष 2016-17 से कुल 2 करोड़ 1 लाख 19 हजार 159 रुपये का संपत्ति कर बकाया है। जीआईएस सर्वे के आंकड़ों के आधार पर निगम ने डिमांड बिल जारी कर तत्काल भुगतान के निर्देश दिए हैं। निगम आयुक्त के आदेश पर शहर के अन्य बड़े बकायादारों की सूची भी तैयार की गई है, जिनसे वसूली के लिए कुर्की जैसे कदम भी उठाए जा सकते हैं।

कलेक्ट्रेट में हड़कंप: नए साल के दिन ड्यूटी से गायब 9 कर्मियों को नोटिस

गरियाबंद कलेक्टर बी.एस. उइके ने नए साल के पहले दिन सरकारी दफ्तरों का औचक निरीक्षण कर लापरवाह कर्मचारियों को कड़ा संदेश दिया है। संयुक्त जिला कार्यालय के विभिन्न विभागों के निरीक्षण के दौरान 9 अधिकारी-कर्मचारी अपनी ड्यूटी से नदारद पाए गए। कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर करते हुए इन सभी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है और उनकी सैलरी काटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से ड्रेस कोड का पालन करने और फाइलों के व्यवस्थित रखरखाव के लिए अलमारियों में सूची चस्पा करने का भी आदेश दिया है।

वन्यजीव तस्करी: बस्तर में 10 किलो पैंगोलिन बरामद, तस्कर गाड़ी छोड़कर भागे

जगदलपुर के कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में वन्यजीव तस्करी की एक बड़ी साजिश को दरभा पुलिस ने नाकाम कर दिया है। नियमित जांच के दौरान तीरथगढ़ चौक पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन तस्कर वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। वाहन की तलाशी लेने पर उसके भीतर से 10 किलोग्राम दुर्लभ पैंगोलिन बरामद हुआ। पैंगोलिन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत एक संरक्षित जीव है। वन विभाग ने तस्करों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर फरार अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।मंत्रालय में अफवाह: सीएल कटौती की खबर से मची खलबली, जीएडी ने दी सफाई

तकनीकी गड़बड़ी से पोर्टल पर दिखी कम छुट्टियां, कर्मचारियों को मिली राहत

रायपुर मंत्रालय में नए साल के पहले दिन तब अफरातफरी मच गई जब ई-एचआर पोर्टल पर आकस्मिक अवकाश (CL) में कटौती की जानकारी दिखने लगी। अफवाह फैल गई कि सालाना 13 छुट्टियों को घटाकर 8 कर दिया गया है। कर्मचारी संगठनों के विरोध के बाद सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने स्पष्ट किया कि यह केवल एक तकनीकी त्रुटि थी। दरअसल, केंद्र सरकार के सॉफ्टवेयर अपडेट के दौरान कुछ कॉलम छत्तीसगढ़ के पोर्टल पर अपलोड हो गए थे। विभाग ने पुष्टि की है कि छुट्टियों में कोई कटौती नहीं की गई है और सभी कर्मचारियों को पूर्ववत 13 सीएल और अन्य अवकाश मिलते रहेंगे।

Also Read: छत्तीसगढ़ में इस पार्टी को लगा बड़ा झटका: अचानक 15 दिग्गजों ने थामा भाजपा का दामन, विधायक ने दिलाई सदस्यता

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button