CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें हाईकोर्ट रजत जयंती समारोह से कोरबा गोलीकांड के आरोपी की गिरफ्तारी तक, अबूझमाड़ मुठभेड़ पर सवाल, पखांजूर में 2 बांग्लादेशी गिरफ्तार, सिलतरा हादसे में मुआवजा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को ईको-टूरिज्म अवॉर्ड, कर्मचारियों की EWA योजना की मांग, नवा रायपुर में डिजिटल-एआई प्रशिक्षण, 30 सितंबर तक ई-केवाईसी का निर्देश और दंतेवाड़ा में सड़ गई राहत सामग्री समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

हाईकोर्ट में रजत जयंती समारोह का आयोजन

Highcourt Celebration: छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय की स्थापना का रजत जयंती समारोह राज्यपाल रमेन डेका की मुख्य आतिथ्य में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस अवसर पर सीएम विष्णु देव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, वित्त मंत्री ओपी चौधरी, विधि मंत्री गजेन्द्र यादव और पूर्व राज्यपाल रमेश बैस मौजूद रहे। समारोह में रजत जयंती पर केंद्रित स्मारिका का भी विमोचन किया गया।

कोरबा गोलीकांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Korba Firing: कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम कासनिया में हुई फायरिंग मामले के मुख्य आरोपी शक्ति सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले यूपी के शूटर दुर्गेश पांडे, आशीष जांगड़े और हर्ष सिंह को पकड़ा जा चुका है। अब तक इस मामले में पांच आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। बताया जा रहा है कि घटना प्रेम प्रसंग से जुड़ी हुई है।

अबूझमाड़ मुठभेड़ पर सवाल

Fake Encounter Claim: नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ में 22 सितंबर को हुई मुठभेड़ में मारे गए नक्सली नेता रामचंद्र रेड्डी की पत्नी शांति प्रिया ने फर्जी मुठभेड़ का आरोप लगाया है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। कोर्ट ने शव संरक्षित करने और पुनः पोस्टमार्टम कर जांच रिपोर्ट पेश करने का आदेश दिया है।

पखांजूर में 2 बांग्लादेशी गिरफ्तार

Illegal Migrants: कांकेर जिले के पखांजूर क्षेत्र में अवैध रूप से रह रहे 2 बांग्लादेशियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि दोनों ने यहां रहते हुए जन्म प्रमाण पत्र भी बनवा लिया था। तहसीलदार की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उनका वीजा जब्त कर लिया। इस मामले को लेकर आदिवासी समाज लंबे समय से आंदोलन की तैयारी कर रहा था।

सिलतरा हादसे में मुआवजा और सुविधाएं

Silatra Compensation: रायपुर के सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड में हुए हादसे में 6 मजदूरों की मौत और कई घायल हुए थे। कंपनी ने मृत और घायल कर्मचारियों के परिवारों को 46 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। इसके साथ ही, रोजगार उपलब्ध कराने, पेंशन और बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करने की भी घोषणा की गई है।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले को ईको-टूरिज्म अवॉर्ड

Eco-Tourism Award: गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले को “सर्वश्रेष्ठ ईको-टूरिज्म साइट 2025” पुरस्कार से नवाजा गया है। विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल और पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा ने जिला कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी को यह सम्मान प्रदान किया। राजमेरगढ़ क्षेत्र में सतत पर्यटन विकास को देखते हुए यह उपलब्धि मिली है।

कर्मचारियों के लिए EWA योजना की मांग

EWA Scheme Demand: छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर Earned Wage Access (EWA) योजना लागू करने की मांग की है। इस योजना से कर्मचारी महीने के अंत का इंतजार किए बिना किसी भी समय अपना अर्जित वेतन निकाल सकेंगे। फेडरेशन का कहना है कि यह कदम वित्तीय लचीलापन और आपात स्थिति में राहत देगा।

नवा रायपुर में डिजिटल प्रशिक्षण कार्यक्रम

AI Training: नवा रायपुर स्थित ट्रिपल-आईटी में डिजिटल उत्पादकता और एआई एकीकरण विषय पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, सीएम सचिव राहुल भगत और डायरेक्टर डॉ. ओपी व्यास ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण में अधिकारियों को MS Word, Google Docs, Excel, डेटा मॉडलिंग और एआई टूल्स के उपयोग की जानकारी दी गई।

कर्मचारियों को 30 सितंबर तक ई-केवाईसी का निर्देश

E-KYC Deadline: कोष एवं लेखा संचालनालय ने सभी शासकीय सेवकों को निर्देश दिया है कि वे 30 सितंबर तक कार्मिक संपदा मॉड्यूल में अपनी प्रोफाइल अपडेट कर ई-केवाईसी पूर्ण करें। जिला कोषालय बस्तर ने चेतावनी दी है कि समय सीमा का पालन न होने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि इससे पारदर्शिता और डिजिटल प्रोफाइलिंग को मजबूती मिलेगी।

सड़ गई बाढ़ पीड़ितों के लिए भेजी गई राहत सामग्री

 26 अगस्त की बाढ़ के बाद दंतेवाड़ा में राहत सामग्री पहुंची थी, लेकिन लापरवाही से हजारों पैकेट बेकार हो गए. गुजरात सरकार और भाजपा संगठन ने पांच कंटेनर भेजे थे, जिनमें आलू-प्याज समेत राशन रखा था. समय पर वितरण न होने और बारिश की वजह से सामग्री गोदाम में ही सड़ गई. अब इन्हें फेंका जा रहा है और मवेशी खाकर बीमार पड़ने लगे हैं. कांग्रेस ने इसे राजनीतिक मुद्दा बनाते हुए भाजपा पर गरीबों के साथ खिलवाड़ का आरोप लगाया है. वहीं भाजपा ने सफाई दी कि ट्रकों को पहुंचने में देरी से सामान खराब हुआ. बाढ़ पीड़ितों ने नाराजगी जताई कि मदद समय पर नहीं मिली.

Also Read: Minimata Mahtari Jatan Yojana: मिनीमाता महतारी जतन योजना: बच्चे के जन्म पर मिलते हैं 20,000 रुपये, जानिए कैसे उठाएं लाभ

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button