
CG Vyapam Exam: छत्तीसगढ़ व्यापमं (CG Vyapam) ने आगामी भर्ती परीक्षाओं के लिए अद्यतन दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। अब सरकारी नौकरी का सपना देखने वाले युवाओं को समय का विशेष ध्यान रखना होगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम 2 घंटा पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुँचना होगा, ताकि उनकी फ्रिस्किंग और पहचान पत्र का सत्यापन किया जा सके। परीक्षा प्रारंभ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा, जिसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
सर्दियों में स्वेटर पहनना हुआ महंगा: जेब वाली स्वेटर पर पाबंदी
सर्दियों के दौरान होने वाली परीक्षाओं के लिए व्यापमं ने पोशाक संबंधी विशेष निर्देश जारी किए हैं। हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा देने आना होगा। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव यह है कि केवल साधारण स्वेटर (बिना पॉकेट के) पहनने की अनुमति होगी, लेकिन सुरक्षा जांच के समय स्वेटर को उतारकर सुरक्षाकर्मी से जांच कराना अनिवार्य होगा। काले, गहरे नीले, गहरे हरे, जामुनी, मैरून, बैगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना पूरी तरह वर्जित किया गया है।
मूल पहचान पत्र अनिवार्य, आभूषण और संचार उपकरण पर प्रतिबंध
परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश केवल मूल पहचान पत्र प्रस्तुत करने पर ही दिया जाएगा। मूल पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा, जिसके लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे। इसके अलावा, कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनना वर्जित है। परीक्षा कक्ष में संचार उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, पाउच, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूर्णत: वर्जित किया गया है।
उत्तर अंकित करने के लिए केवल नीले या काले बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग
व्यापमं ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक पोशाक वाले अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करने को कहा है, क्योंकि उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा। फुटवियर के रूप में चप्पल पहनने की सलाह दी गई है। परीक्षार्थी परीक्षा कक्ष में केवल काले या नीले बाल पाइंट पेन को ही उत्तर अंकित करने के लिए उपयोग में लाएँ। निर्देशों का पालन न करने पर अभ्यर्थी को परीक्षा देने से वंचित किया जाएगा और अनुचित साधनों का प्रयोग करने पर कठोर कार्रवाई होगी।



