CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की 10 बड़ी खबरें छत्तीसगढ़ पुलिस भर्ती विवाद में गृहमंत्री का QR कोड दांव, अनियमितता साबित करने वालों से आमने-सामने की चुनौती; कोल लेवी घोटाले में सौम्या चौरसिया तक अवैध वसूली पहुंचाने का खुलासा; सूरजपुर के जंगल में बाघ की संदिग्ध मौत; बिलासपुर ट्रेन हादसे की CRS रिपोर्ट में लोको पायलट साइको टेस्ट फेल होने का दावा; धान खरीदी अव्यवस्था पर कांग्रेस का विधानसभा से बहिर्गमन; लाल किले पर गेड़ी नृत्य से छत्तीसगढ़ी संस्कृति को वैश्विक पहचान; ओडिशा से आए 38 हाथियों से जशपुर में हाई अलर्ट; आवारा कुत्तों की निगरानी अब कॉलेज-यूनिवर्सिटी प्रोफेसरों के जिम्मे; बलरामपुर में पटवारी द्वारा 29 हेक्टेयर सरकारी जमीन का फर्जीवाड़ा उजागर; और CG NEET-PG स्टेट कोटा घटाने पर डॉक्टरों का विरोध समेत पढ़ें CG की प्रमुख खबरें…

CG Top 10 News Today: छत्तीसगढ़ की सभी बड़ी और छोटी खबरें रोजाना हमारी नजर में रहती हैं। दक्षिण कोसल के विशेष सेगमेंट ‘CG की 10 बड़ी खबरें’ में हम आपको समाचार जगत की हर गतिविधि का अपडेट सरल और सहज भाषा में प्रदान करेंगे। तो आइए, पत्रकारिता की इस दुनिया में बने रहें और छत्तीसगढ़ की हर ताजातरीन खबर से अपनी जानकारी को और विस्तृत करे।

Table of Contents

पुलिस भर्ती विवाद: गृहमंत्री ने जारी किया QR कोड, कहा- अनियमितता का सबूत लाने वाले का सामना करने को तैयार

CG Police Bharti: छत्तीसगढ़ पुलिस कांस्टेबल और ट्रेड भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोपों के बीच, प्रदेश के गृहमंत्री विजय शर्मा ने 100 प्रतिशत पारदर्शिता का दावा करते हुए एक क्यूआर कोड (QR Code) जारी किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोड स्कैन करके कोई भी नागरिक चयनित उम्मीदवारों की पूरी लिस्ट को एक्सेस कर सकता है। गृहमंत्री ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए एक बड़ी बात कही, “हमने पूरी भर्ती प्रक्रिया को यूपीएससी जैसी पारदर्शी और भरोसेमंद प्रणाली में ढाला है। फिजिकल टेस्ट और लिखित परीक्षा के अंक अभ्यर्थियों को पता हैं। इसके बावजूद, अगर कोई भी व्यक्ति किसी तरह की अनियमितता या भ्रष्टाचार का ठोस सबूत पेश करता है, तो मैं एक दिन में 8 घंटे बैठकर उन आरोपों को सुनने और उसका सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हूँ।”

कोल लेवी घोटाला: सौम्या चौरसिया तक अवैध वसूली पहुंचाने का ‘खेल’ निज सहायक करता था

Coal Scam Accusations: छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोल लेवी घोटाले में ईओडब्ल्यू और एसीबी ने एक और पूरक चालान पेश किया है। यह चालान तत्कालीन मुख्यमंत्री सचिवालय में निज सहायक रहे जयचंद कोशले के खिलाफ दायर किया गया है। लगभग 1,000 पेज के चालान में सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि कोशले, सौम्या चौरसिया के करीबी थे और अवैध कोल लेवी वसूली से प्राप्त भारी-भरकम नगद राशि का रिसीवर और मध्यस्थ थे। जांच में जब्त एक डायरी में “जय” नाम से अंकित एंट्रियां सीधे जयचंद कोशले और सौम्या चौरसिया से संबंधित पाई गई हैं।

सूरजपुर के जंगल में मृत मिला बाघ, शिकारियों द्वारा बिजली का करंट लगाए जाने की आशंका

Tiger Death Suspected: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के घुई वन रेंज के भैंसामुंडा गांव के जंगल में लगभग सात वर्षीय एक नर बाघ मृत पाया गया है। वन विभाग के अधिकारियों ने आशंका जताई है कि बाघ की मौत बिजली का करंट लगने से हुई है, जो संभवतः जंगली सूअरों जैसे जानवरों को मारने के लिए शिकारियों द्वारा बिछाए गए तारों के संपर्क में आने से हुआ होगा। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगा।

बिलासपुर ट्रेन हादसा: CRS रिपोर्ट में खुलासा, सिग्नल ओवरशूट और सिस्टम की खामियां

Bilaspur Train Accident Report: बिलासपुर के लालखदान में हुए मेमू ट्रेन हादसे की रेल सुरक्षा आयुक्त (CRS) की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, हादसे का मुख्य कारण सिग्नल ओवरशूट और सिस्टम की खामियां थीं। यह भी उजागर हुआ कि लोको पायलट और असिस्टेंट लोको पायलट साइको टेस्ट में फेल होने के बावजूद उन्हें ट्रेन परिचालन का जिम्मा सौंपा गया था। CRS रिपोर्ट के आधार पर रेलवे ने डीआरएम और PCEE समेत चार वरिष्ठ अधिकारियों को उनके पदों से हटाया या तबादला कर दिया है।

धान खरीद में कथित अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस का विधानसभा से बहिर्गमन

Paddy Procurement Protest: मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ सरकार पर धान खरीद में बड़े पैमाने पर अव्यवस्था का आरोप लगाते हुए सोमवार को विधानसभा की दिन भर की कार्यवाही का बहिष्कार किया। विपक्ष के नेता चरण दास महंत और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दावा किया कि किसानों को टोकन मिलने में परेशानी हो रही है, ऑनलाइन पंजीकरण जटिल है, और वन अधिकार प्रमाण पत्र (FRC) धारक किसानों के धान की खरीद नहीं की जा रही है। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने जवाब में कहा कि खरीद सुचारू रूप से चल रही है, 27.40 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है (पिछले साल से 7.5% अधिक), और ‘तुहर टोकन’ ऐप के ज़रिए 24 घंटे टोकन सुविधा शुरू की गई है। मंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर कांग्रेस सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन किया।

गेड़ी नृत्य ने लाल किले पर बिखेरा छत्तीसगढ़ी संस्कृति का जादू, UNESCO ने की तारीफ

Gedi Dance Global Recognition: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले की सांस्कृतिक संस्था ‘लोक श्रृंगार भारती’ के गेड़ी लोक नृत्य दल ने नई दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला प्रांगण में अंतर्राष्ट्रीय समारोह में शानदार प्रस्तुति दी। 180 देशों के प्रतिनिधियों की सहभागिता वाले इस समारोह में छत्तीसगढ़ की कला संस्कृति को काफी सराहा गया। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने गेड़ी नृत्य की साहसिक और भावपूर्ण प्रस्तुति से प्रभावित होकर “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” का नारा दिया। यह प्रस्तुति उस ऐतिहासिक क्षण का हिस्सा थी जब दीपावली को यूनेस्को द्वारा विश्व सांस्कृतिक धरोहर के रूप में मान्यता मिली।

ओडिशा से छत्तीसगढ़ आया आतंकी हाथियों का दल, जशपुर में हाई अलर्ट

Elephant Movement Alert: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के तपकरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत टिकलीपारा क्षेत्र में 38 हाथियों का एक बड़ा दल सक्रिय रूप से विचरण कर रहा है। यह दल ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले की ओर से आया है, जिससे आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से जंगल की ओर न जाने की अपील करते हुए अलर्ट जारी किया है। तपकरा क्षेत्र हाथी प्रभावित इलाका माना जाता है। किसान अब अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए सोलर वायर फेंसिंग लगा रहे हैं।

आवारा कुत्तों की निगरानी अब कॉलेज और यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर करेंगे

Stray Dog Monitoring: छत्तीसगढ़ में अब सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के बाद विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के प्रोफेसर भी आवारा कुत्तों और मवेशियों की निगरानी करेंगे। उच्च शिक्षा विभाग ने आदेश जारी कर कहा है कि कॉलेज और यूनिवर्सिटी कैंपस में आवारा कुत्तों के नियंत्रण, निगरानी और रोकथाम की जिम्मेदारी अब संबंधित संस्थानों की होगी। इसके लिए प्रोफेसरों को नोडल अधिकारी के रूप में नियुक्त किया जाएगा और परिसर को आवारा कुत्तों से मुक्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पटवारी का बड़ा फर्जीवाड़ा, कूट रचना कर एक ही परिवार के नाम कर दी 29 हेक्टेयर सरकारी जमीन

Patwari Land Fraud: बलरामपुर जिले के पस्ता थाना क्षेत्र में जमीन फर्जीवाड़ा करने के मामले में पुलिस ने पटवारी अजेंद्र कुमार टोप्पो समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पटवारी ने गांव के एक परिवार के साथ मिलकर लगभग 29 हेक्टेयर (60-70 एकड़) सरकारी जमीन और पट्टे की जमीन का कूट रचना कर नामांतरण करा दिया था। कलेक्टर के संज्ञान लेने के बाद यह कार्रवाई हुई। जांच में पता चला कि यह पूरा फर्जीवाड़ा धान बिक्री करने के लिए किया गया था।

CG- NEET-PG स्टेट कोटा विवाद: DME के हलफनामे पर भड़के डॉक्टर

NEET-PG Quota Row: छत्तीसगढ़ में NEET-PG प्रवेश प्रक्रिया को लेकर विवाद गहरा गया है। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय (DME) ने हाईकोर्ट में एक हलफनामा दाखिल कर राज्य में स्टेट कोटा को 50% से घटाकर 25% करने के फैसले को पूरी तरह सही बताया है। डॉक्टरों का आरोप है कि इस फैसले से छत्तीसगढ़ के बाहर के छात्रों को राज्य की कुल 75% पीजी सीटों पर प्रवेश के लिए पात्र बना दिया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ के छात्र अन्य राज्यों में केवल 50% स्टेट कोटा सीटों के लिए ही पात्र होते हैं। डॉक्टरों ने इसे ‘स्पष्ट असमानता और अन्याय’ बताते हुए विरोध जताया है।

Also Read: VIDEO: बरसात में निखरी बस्तर की खूबसूरती: चित्रकोट और तीरथगढ़ जलप्रपात बने पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र, देखें Video …

दक्षिण कोसल का Whatsapp Group ज्वाइन करे

Ravi Pratap Pandey

रवि पिछले 7 वर्षों से छत्तीसगढ़ में सक्रिय पत्रकार हैं। उन्होंने राज्य के सामाजिक, राजनीतिक और सांस्कृतिक पहलुओं पर गहराई से रिपोर्टिंग की है। जमीनी हकीकत को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को मंच देने के लिए वे लगातार लेखन और रिपोर्टिंग करते रहे हैं।

Related Articles

Back to top button