
रायपुर: Today CG Weather News: छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है। हिमालय की ओर से आ रही ठंडी हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में तापमान तेजी से नीचे गिरा है। सरगुजा संभाग में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। बलरामपुर के रामानुजगंज इलाके में न्यूनतम तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है जिससे खेतों में रखी पैरा (पुआल) पर ओस की बूंदें जमकर बर्फ बन गई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य में सबसे कम तापमान अंबिकापुर में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। कड़ाके की इस ठंड ने अब तक प्रदेश में तीन लोगों की जान ले ली है जिससे प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है।
इन 8 जिलों के लिए अलर्ट जारी: रायपुर और दुर्ग संभाग में कोल्ड वेव का खतरा, सुबह के वक्त छाएगा घना कोहरा
Cold Alert: मौसम केंद्र रायपुर ने मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों के लिए शीतलहर (Cold Wave) का येलो अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में रायपुर, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, राजनांदगांव, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के कुछ इलाकों में भारी ठंड पड़ने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक उत्तर छत्तीसगढ़ और मध्य छत्तीसगढ़ में ठंड से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाए रहने के कारण दृश्यता (Visibility) कम हो सकती है जिससे सड़क यातायात पर भी असर पड़ सकता है।

राजधानी में ठंड का दोहरा चेहरा: शहर और माना के तापमान में 5 डिग्री का बड़ा अंतर
Raipur Weather Update: राजधानी रायपुर के मौसम में इस बार एक अजीब अंतर देखा जा रहा है। रायपुर मुख्य शहर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री कम है लेकिन शहर से महज 10 किलोमीटर दूर माना एयरपोर्ट इलाके में पारा सामान्य से 5 डिग्री नीचे चला गया है। इसका मतलब है कि शहर के बाहरी इलाकों में ठंड का प्रकोप शहर के भीतर की तुलना में कहीं ज्यादा है। शनिवार को रायपुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह के वक्त हल्की धुंध छाई रहेगी और शाम ढलते ही ठंडी हवाओं के कारण लोगों को अलाव और भारी गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।
सेहत का रखें खास ख्याल: बुजुर्गों और बच्चों के लिए खतरनाक हो सकती है ठंड, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवायजरी
Current Temperature Status: लगातार गिरते पारे को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विशेषकर हृदय रोगी और सांस की बीमारी से जूझ रहे लोगों के लिए यह मौसम चुनौतीपूर्ण हो सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि सुबह के वक्त सैर पर निकलने वाले बुजुर्ग पर्याप्त गर्म कपड़े पहनकर ही बाहर निकलें। दुर्ग में जहां दिन का तापमान 29 डिग्री के करीब है वहीं रात को कड़ाके की ठंड पड़ रही है। तापमान में आने वाला यह अचानक उतार-चढ़ाव वायरल और सर्दी-खांसी जैसी समस्याओं को बढ़ा सकता है। अगले कुछ दिनों तक रात के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
Also Read: छत्तीसगढ़ में सियासी हड़कंप: कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू भेजे गए जेल, जानिए क्या है पूरा मामला…



